उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती में आयोजित श्रीराम कथा के दूसरे दिन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री धार्मिक अनुष्ठान करते नजर आए. कथा शुरू होने से पहले उन्होंने पवित्र गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई. इसके बाद वह बेंती स्थित पौराणिक अवधेश्वर नाथ धाम पहुंचे और भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया. इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा.
गंगा स्नान के बाद महादेव का किया जलाभिषेक
गंगा नदी में स्नान करने के बाद बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सीधे बेंती स्थित प्राचीन अवधेश्वर नाथ धाम पहुंचे. यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इसके बाद महादेव की आरती भी उतारी. बाबा के मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए जुट गए। भक्तों ने भी पूरे उत्साह के साथ जयकारे लगाए.
राजा भैया के पूर्वजों से जुड़ा है मंदिर
कुंडा के बेंती में स्थित अवधेश्वर नाथ धाम को स्थानीय स्तर पर हौदेश्वर नाथ धाम के नाम से भी जाना जाता है. यह मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के साथ स्थानीय विधायक राजा भैया और उनके पूर्वजों का भी जुड़ाव बताया जाता है. राजा भैया नियमित रूप से यहां दर्शन-पूजन करते हैं. सावन और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर ट्रस्ट और पदाधिकारियों के साथ बैठकें भी होती रही हैं.
स्वयंभू शिवलिंग की है मान्यता
गंगा तट के निकट स्थित इस धाम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, मंदिर में स्थापित शिवलिंग स्वयंभू है. सावन, महाशिवरात्रि और कार्तिक पूर्णिमा जैसे अवसरों पर यहां विशेष आयोजन और मेले लगते हैं. इन मौकों पर आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं.
कड़ी सुरक्षा के बीच कथा स्थल के लिए रवाना हुए बाबा
बाबा बागेश्वर के गंगा स्नान और मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बेंती में आयोजित श्रीराम कथा स्थल के लिए रवाना हो गए. कथा के दूसरे दिन उनके इस धार्मिक कार्यक्रम को देखने के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा.
यह भी पढ़ें: Agni Panchak 2026: अगले 5 दिन लकड़ी, मशीनरी और इन चीजों से रहें दूर, जानें वजह