हिंदू धर्म और ज्योतिष शास्त्र में पंचक काल को विशेष महत्व दिया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पंचक के पांच दिनों में कुछ खास काम करने से बचना चाहिए. पंचक की शुरुआत सप्ताह के जिस दिन होती है, उसी के आधार पर उसका नाम और प्रभाव माना जाता है. इस बार नवंबर महीने में पंचक की शुरुआत मंगलवार, 17 नवंबर 2026 से हो चुकी है. मंगलवार से शुरू होने वाले पंचक को अग्नि पंचक कहा जाता है.
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, अग्नि पंचक के दौरान आग से जुड़ी दुर्घटनाओं और आर्थिक नुकसान की आशंका रहती है. इसलिए इन पांच दिनों में लकड़ी, ईंधन, मशीनरी और निर्माण से जुड़े कामों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. आइए जानते हैं अग्नि पंचक कब तक रहेगा और इस दौरान किन पांच कामों को करने से बचना चाहिए.
अग्नि पंचक में भूलकर भी न करें ये 5 काम
1. लकड़ी से जुड़े काम करने से बचें: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अग्नि पंचक के दौरान लकड़ी से जुड़े नए काम शुरू करना शुभ नहीं माना जाता है. इस अवधि में लकड़ी खरीदने या उससे संबंधित कोई बड़ा काम शुरू करने से बचने की सलाह दी जाती है.
2. पेट्रोल-डीजल और ज्वलनशील चीजें खरीदने से बचें: अग्नि पंचक में पेट्रोल, डीजल और आग पकड़ने वाली दूसरी चीजों की खरीदारी करना शुभ नहीं माना जाता है. मान्यता है कि इस दौरान ऐसे काम करने से अग्नि संबंधी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है.
3. मकान का निर्माण या मरम्मत शुरू न करें: इस अवधि में घर की नींव रखना, छत डलवाना या नया निर्माण कार्य शुरू करना शुभ नहीं माना जाता है. ज्योतिषीय मान्यताओं के मुताबिक, अग्नि पंचक के दौरान ऐसे कामों को टालना बेहतर होता है.
4. मशीन और औजार खरीदने से बचें: अग्नि पंचक के पांच दिनों में भारी मशीन, बिजली के उपकरण और औजार खरीदने से बचने की सलाह दी जाती है. मान्यता है कि इस दौरान मशीनरी से जुड़े कामों में सावधानी नहीं बरतने पर दुर्घटना हो सकती है.
5. आग और बिजली से जुड़े कामों में न करें लापरवाही: अग्नि पंचक के दौरान आग और बिजली से जुड़े काम करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. गैस चूल्हे, बिजली के उपकरणों और अन्य मशीनों का इस्तेमाल करते समय सुरक्षा का ध्यान रखें. यह सावधानी धार्मिक मान्यताओं से अलग भी रोजमर्रा की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है.
अग्नि पंचक 2026 कब से कब तक रहेगा?
पंचांग के अनुसार, नवंबर 2026 में अग्नि पंचक की शुरुआत 17 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 31 मिनट से हुई है. इसका समापन 22 नवंबर 2026 को सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर होगा. इस तरह यह अवधि करीब पांच दिनों तक रहेगी.
अग्नि पंचक के दौरान करें ये उपाय
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अग्नि पंचक के दौरान कुछ पूजा-पाठ और दान-पुण्य के काम करना शुभ माना जाता है. इस अवधि में हनुमान चालीसा या बजरंग बाण का पाठ कर सकते हैं. इसके अलावा भगवान शिव के महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना भी शुभ माना जाता है. रोज सुबह सूर्य देव को जल अर्पित करें. जरूरतमंद और गरीब लोगों को अनाज, कपड़े या धन का दान करना भी धार्मिक दृष्टि से पुण्यकारी माना जाता है. मान्यता है कि इन उपायों को करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है.
यह भी पढ़ें: Love Rashifal: किसी को मिलेगा शादी का प्रस्ताव तो किसी के रिश्ते में आएगी दरार, जानें अपना लव राशिफल