Drishyam 3 Trailer: बॉलीवुड की चर्चित क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ अब अपनी कहानी को आखिरी पड़ाव तक ले जाने के लिए तैयार है. अजय देवगन की ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ के बाद तीसरी फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है. एक बार फिर विजय सालगांवकर अपने परिवार को बचाने के लिए मुश्किल हालात से जूझता दिखाई देगा.
परिवार की हिफाजत के लिए फिर मैदान में विजय
अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे. पिछली दोनों फिल्मों की तरह इस बार भी कहानी का केंद्र विजय और उसका परिवार है. परिवार को एक गंभीर आपराधिक मामले से बचाने के लिए विजय ने पहले भी अपनी सूझबूझ का इस्तेमाल किया था, लेकिन इस बार उसके सामने खतरा पहले से कहीं बड़ा दिखाई दे रहा है. ट्रेलर से साफ है कि कहानी अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है.
'DRISHYAM THE CONCLUSION' TRAILER: BRILLIANT... 2 OCT 2026 RELEASE... Loved the trailer of #DrishyamTheConclusion... The face-off between Ajay Devgn and Jaideep Ahlawat is especially terrific – easily the standout of the trailer... Director Abhishek Pathak hits it out of the park… pic.twitter.com/VRqMxl7XdJ
— taran adarsh (@taran_adarsh) September 9, 2026
तब्बू के साथ आमने-सामने होगी नई चुनौती
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर काफी तनावपूर्ण और रोमांचक नजर आ रहा है. तब्बू एक बार फिर विजय के सामने खड़ी हैं, लेकिन इस बार उनका मकसद सिर्फ इंसाफ पाना नहीं, बल्कि बदला लेना भी दिखाई देता है. इसी बीच प्रकाश राज नए वकील के किरदार में कहानी में एंट्री करते हैं. माना जा रहा है कि उनका किरदार विजय के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकता है.
जयदीप अहलावत की एंट्री से बढ़ा रोमांच
फिल्म में जयदीप अहलावत की एंट्री कहानी को और दिलचस्प बना रही है. वह एसपी क्राइम ब्रांच की भूमिका में नजर आएंगे और विजय के परिवार को गिरफ्तार करने के लिए पूरी ताकत लगाते दिखाई देते हैं. ट्रेलर में उनका किरदार बेहद आक्रामक अंदाज में नजर आता है. वहीं अजय देवगन का डायलॉग, ‘इस बार खतरा कब, कैसे और कहां से आएगा? बताना मुश्किल है. अब ये खेल दिमाग का नहीं, नसीब का बन चुका है’, कहानी में आने वाले बड़े बदलाव का संकेत देता है.
पुरानी टीम के साथ नए चेहरे
तीसरे पार्ट में फ्रेंचाइजी की पुरानी स्टारकास्ट को बरकरार रखा गया है. अजय देवगन और तब्बू के अलावा श्रिया सरन और रजत कपूर भी अपने अहम किरदारों में वापसी कर रहे हैं. वहीं प्रकाश राज और जयदीप अहलावत जैसे नए कलाकार कहानी में नई परतें जोड़ेंगे. ऐसे में फिल्म में पुराने किरदारों और नए चेहरों के बीच टकराव देखने को मिलेगा.
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी फिल्म
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं. फिल्म के निर्माण की जिम्मेदारी कुमार मंगत, संजीव जोशी और आलोक जैन ने संभाली है. इसकी रचनात्मक टीम में लेखक जयदीप अहलावत, सिनेमैटोग्राफर अजीत अंधारे, प्रोड्यूसर ईशी दत्ता और मृणाल जाधव भी शामिल हैं. गोवा में आयोजित एक खास कार्यक्रम के दौरान फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया, जहां अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर और जयदीप अहलावत समेत पूरी टीम मौजूद रही.
कब रिलीज होगी फिल्म?
लंबे इंतजार के बाद ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. दशहरा और दिवाली के आसपास पड़ने वाली छुट्टियों का फायदा भी फिल्म को मिल सकता है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि विजय सालगांवकर इस बार अपने परिवार को बचा पाएगा या फिर उसकी बनाई पूरी कहानी का सच दुनिया के सामने आ जाएगा.
ये भी पढ़ें: ‘लव लॉटरी’ का ट्रेलर रिलीज, रिश्तों के धोखे और पुरुष अधिकारों के सवालों के बीच छिपे रहस्य ने बढ़ाया सस्पेंस