राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्रह्लादपुर बांगर गांव में 22 वर्षीय महिला सबीला खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव घर के बाथरूम में पड़ा मिला, जबकि घटना के बाद से उसका पति मोहम्मद ललबाबू छोटे बच्चे को लेकर फरार है. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
भाई घर पहुंचा तो सामने आया खौफनाक मंजर
पुलिस के मुताबिक, घटना 29 अगस्त 2026 को सामने आई. मृतका के भाई मोहम्मद गुलाब ने बताया कि सबीला की शादी करीब दो साल पहले मोहम्मद ललबाबू से हुई थी और दोनों प्रह्लादपुर बांगर में रह रहे थे. गुलाब जब अपनी बहन से मिलने उसके घर पहुंचा तो वह बाथरूम में मृत मिली. घर में सबीला का पति और उनका बच्चा मौजूद नहीं थे. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
हत्या का मुकदमा दर्ज, पति की तलाश तेज
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला हत्या का प्रतीत हुआ, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर बीएसए अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया. शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने FIR नंबर 561/26 दर्ज कर BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी पति मोहम्मद ललबाबू की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और उसकी संभावित लोकेशन पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और पति की तलाश के साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है. सबीला की मौत कैसे हुई और इसके पीछे असली वजह क्या थी, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होने की उम्मीद है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय घर में क्या हुआ था और महिला की मौत में उसके पति की क्या भूमिका रही. जांच पूरी होने के बाद ही मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: जिस बेटे की जिंदगी बचानी थी, उसी की ले ली जान! दिल्ली में पिता ने रची खौफनाक साजिश