जिस बेटे की जिंदगी बचानी थी, उसी की ले ली जान! दिल्ली में पिता ने रची खौफनाक साजिश

Delhi Crime News: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी.

delhi-kalindi-kunj-father-kills-son-with-associate
Image Source: Social Media

Delhi Crime News: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले में 64 वर्षीय तालुकदार अंसारी और उसके 49 वर्षीय साथी मोहम्मद वसीम उर्फ अकरम को गिरफ्तार किया है. मृतक की पहचान 38 वर्षीय गुल हसन के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, गुल हसन सिजोफ्रेनिया से जूझ रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था.

पुराने कंटेनर में मिला युवक का शव

पुलिस को 23 अगस्त की शाम कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र की कच्ची कॉलोनी की गली नंबर-1 के पास एक पुराने कंटेनर में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के सिर के बाएं हिस्से पर गंभीर चोट का निशान मिला. पास ही खून से सना कंक्रीट का पत्थर भी बरामद हुआ. शव की तत्काल पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

200 से ज्यादा कैमरों की फुटेज से खुला राज

मामले की जांच के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित कीं और इलाके में लगे 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान एक कैमरे में मृतक दो लोगों के साथ उस दिशा में जाता दिखाई दिया, जहां बाद में उसका शव मिला. खास बात यह थी कि तीन लोग जाते दिखे, लेकिन वापस लौटते समय सिर्फ दो लोग नजर आए. इसके बाद पुलिस ने कैमरा-दर-कैमरा दोनों संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक किया और जांच गोविंदपुरी की एक सिलाई फैक्ट्री तक पहुंच गई.

डॉक्टर को दिखाने के बहाने सुनसान जगह ले गए

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तालुकदार अंसारी और मोहम्मद वसीम उर्फ अकरम को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिता ने अपने साथी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची थी. गुल हसन को डॉक्टर को दिखाने के बहाने कालिंदी कुंज के सुनसान इलाके में ले जाया गया. पुलिस के मुताबिक, वहां उसके सिर पर पत्थर से वार किया गया और फिर कपड़े की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई.

हत्या के बाद कंटेनर में छिपाया शव

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को एनटीपीसी की दीवार के पास पड़े पुराने कंटेनर में छोड़ दिया. पुलिस के अनुसार, किसी को शक न हो, इसके लिए पिता ने पड़ोसियों से कहा कि वह अपने बेटे को एक रिश्तेदार के यहां छोड़कर आया है. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून लगा पत्थर, कपड़े और गला घोंटने के लिए इस्तेमाल की गई कपड़े की रस्सी बरामद कर ली है.

बेटे की बीमारी से परेशान था परिवार

पुलिस जांच में सामने आया कि गुल हसन सिजोफ्रेनिया से जूझ रहा था और उसका इलाज इहबास अस्पताल में कराया जा रहा था. पुलिस के मुताबिक, वह कथित तौर पर घरवालों और पड़ोसियों के साथ मारपीट करता था, जिससे परिवार परेशान था. आरोपी पिता बेटे का उचित इलाज कराने में भी असमर्थ था. सिजोफ्रेनिया एक गंभीर और दीर्घकालिक मानसिक स्वास्थ्य स्थिति है, जो व्यक्ति की सोच, समझ और व्यवहार को प्रभावित कर सकती है. हालांकि, बीमारी किसी भी परिस्थिति में हत्या को उचित नहीं ठहराती और मामले में पुलिस की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: शराब पिलाई, सिर पर वार... फिर गड्ढे में दफनाया पति का शव; पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश