भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. अब दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर भी एआई की नजर रहने वाली है. रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस शहर में एआई से चलने वाला इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लागू करने की योजना पर काम कर रही है.
इस नए सिस्टम में स्मार्ट ट्रैफिक लाइट, ऑटोमेटेड चालान और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे शामिल होंगे. इसके लागू होने के बाद ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के लिए बच निकलना मुश्किल हो सकता है.
दिल्ली में लगेगा एआई पावर्ड ट्रैफिक सिस्टम
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में एआई आधारित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जाएगा. इसके तहत स्मार्ट और अडैप्टिव ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे, जो ट्रैफिक के हिसाब से अपने आप काम करेंगे.
ANPR कैमरे गाड़ियों की नंबर प्लेट पढ़कर नियम तोड़ने वालों की पहचान करेंगे. इसके बाद सिस्टम खुद चालान जारी कर सकेगा. इससे ट्रैफिक पुलिस का मैन्युअल काम कम होगा और कार्रवाई तेज होगी.
अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्य एक ऐसा टेक्नोलॉजी आधारित ट्रैफिक सिस्टम तैयार करना है, जो भविष्य की जरूरतों के मुताबिक हो और शहर के ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संभाल सके.
कैमरे से होगी तुरंत पहचान
इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे हैं. ये कैमरे नियमों का उल्लंघन करने वाली गाड़ियों को तुरंत पहचान सकेंगे.
सिस्टम एडवांस एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रियल-टाइम मॉनिटरिंग पर आधारित होगा. इससे चालान तुरंत बन सकेगा, मैन्युअल जांच कम होगी और नियमों का पालन बेहतर तरीके से हो सकेगा.
ये भी पढ़ें- स्वदेसी 5th Gen फाइटर जेट बनाने के लिए टाटा समेत तीन कंपनियां शॉर्टलिस्ट, जल्द उड़ान भरेगा भारत का AMCA