दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2,500, जानें कौन कर सकता है आवेदन

Delhi Laxmi Yojana: दिल्ली सरकार ने दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए 1 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.

Delhi Lakshmi Yojana launched women to receive ₹2500 per month eligible to apply
Image Source: Social Media

Delhi Laxmi Yojana: दिल्ली सरकार ने दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए 1 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. 

सरकार का कहना है कि इस योजना का लाभ 17 लाख से ज्यादा महिलाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य है. अगर आप भी इस योजना का लाभ लेना चाहती हैं तो आवेदन करने से पहले पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की पूरी प्रक्रिया जान लेना जरूरी है.

क्या है दिल्ली लक्ष्मी योजना

दिल्ली लक्ष्मी योजना का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने आर्थिक मदद देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. इस योजना के लिए दिल्ली सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है.

हर महीने कैसे मिलेंगे 2,500 रुपये

सरकार ने लाभ लेने के लिए दो विकल्प दिए हैं. पहले विकल्प में हर महीने 1,500 रुपये आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) या एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) खाते में जमा किए जाएंगे. वहीं 1,000 रुपये सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट में दिए जाएंगे, जिनका उपयोग सिर्फ जरूरी सामान खरीदने के लिए किया जा सकेगा. दूसरे विकल्प में पूरे 2,500 रुपये सीधे आरडी या एफडी खाते में जमा कराने की सुविधा भी मिलेगी.

कौन महिलाएं कर सकती हैं आवेदन

इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए. परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए. महिला या उसका परिवार कम से कम 10 साल से दिल्ली में रह रहा हो. एक परिवार से केवल एक महिला ही इस योजना का लाभ ले सकेगी. यदि परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं हैं तो सबसे बड़ी पात्र महिला को प्राथमिकता दी जाएगी.

किन महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ

कुछ महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा. अगर महिला आयकर भरती है या जीएसटी रिटर्न दाखिल करती है तो वह पात्र नहीं होगी. सरकारी कर्मचारी या जिनके परिवार का कोई सदस्य सरकारी विभाग या सार्वजनिक उपक्रम में काम करता है, उन्हें भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा.

इसके अलावा जो महिला पहले से किसी दूसरी सरकारी आर्थिक सहायता योजना का लाभ ले रही है, जिनके परिवार के पास चार पहिया वाहन है, जिनके घर की सालाना बिजली खपत 2,400 यूनिट से ज्यादा है, जिनके तीन से ज्यादा बच्चे हैं या जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है, वे भी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी.

आवेदन के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी हैं

आवेदन करते समय आधार कार्ड, दिल्ली वोटर आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और स्थानीय विधायक या सांसद का सिफारिश पत्र देना होगा. इसके अलावा दिल्ली में 10 साल से रहने का प्रमाण भी देना होगा. इसके लिए वोटर आईडी, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बिजली बिल या गैस कनेक्शन का बिल इस्तेमाल किया जा सकता है.

आयु प्रमाण के लिए जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र, 10वीं की मार्कशीट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड या वोटर आईडी में से कोई एक दस्तावेज दिया जा सकता है.

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

आवेदन के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा. सबसे पहले नया रजिस्ट्रेशन करें और मोबाइल नंबर तथा आधार से सत्यापन पूरा करें. इसके बाद अपनी सभी जरूरी जानकारी भरें और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें.

फिर भुगतान का विकल्प चुनें और आवेदन जमा कर दें. आवेदन पूरा होने के बाद उसकी रसीद अपने पास सुरक्षित रखें. सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं, दूसरी योजनाओं का भी मिलेगा लाभ सरकार का कहना है कि यह योजना केवल हर महीने आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है.

इसके जरिए बेटियों की पढ़ाई को बढ़ावा देने, बच्चों के एपीएएआर कार्ड और एबीएचए हेल्थ आईडी बनवाने, समय पर टीकाकरण, पोषण ट्रैकर से जोड़ने, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में भागीदारी, स्वच्छ भारत अभियान और स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा.

आवेदन से पहले ये बात जरूर जांच लें

आवेदन करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपके सभी दस्तावेज पूरे हैं और आप योजना की सभी पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं. अगर आवेदन में गलत जानकारी दी गई या पात्रता पूरी नहीं हुई तो आवेदन रद्द किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में ‘विद्या वाहिनी योजना’ की शुरुआत, सीएम रेखा गुप्ता ने 3,000 छात्राओं बांटी साइकिलें