दिल्ली-यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में मानसून दिखाएगा रौद्र रूप, जानें मौसम का हाल

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 1 अगस्त से 7 अगस्त तक उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

Heavy rain alert for Delhi UP Bihar monsoon set to unleash fury across several states
Image Source: ANI/ File

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 1 अगस्त से 7 अगस्त तक उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज बारिश का अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

हिमालयी राज्यों में भारी बारिश का खतरा

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 1 से 7 अगस्त के बीच भारी बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में बहुत तेज बारिश भी हो सकती है. इन राज्यों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है. हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 से 7 अगस्त के बीच भारी बारिश होने के आसार हैं. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 से 7 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.

दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में बारिश की चेतावनी

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 3 से 7 अगस्त के बीच तेज बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 1 और 2 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 2 से 4 अगस्त के बीच कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बरसेंगे बादल

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 1 अगस्त और पूर्वी मध्य प्रदेश में 4 से 7 अगस्त के दौरान भारी बारिश हो सकती है.  छत्तीसगढ़ में 3 से 7 अगस्त तक तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. विदर्भ क्षेत्र में भी 2 से 5 अगस्त के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है.

बिहार, झारखंड और बंगाल में बारिश का दौर जारी

बिहार में 2 से 6 अगस्त तक बारिश होने की संभावना है. वहीं, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी कई दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. झारखंड में आंधी और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की गई है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले सात दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थिति बनने का खतरा बढ़ गया है.

गुजरात और महाराष्ट्र में फिर तेज बारिश का अनुमान

कोंकण, गोवा, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और मध्य महाराष्ट्र में 1 से 3 अगस्त के बीच भारी बारिश होने की संभावना है. गुजरात के कुछ इलाकों में 1 अगस्त को बेहद तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, मध्य महाराष्ट्र में भी भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन सकती है.

दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. केरल और कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में बहुत तेज बारिश को लेकर मौसम विभाग ने सतर्क रहने को कहा है.

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है. समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की संभावना को देखते हुए उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें और भारी बारिश वाले इलाकों में सतर्क रहें.

ये भी पढ़े- कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को मिला एक और गोल्ड, कनाडा की बॉक्सर को हराकर प्रीति पवार ने रचा इतिहास