PM Modi Andhra Pradesh Visit: आंध्र प्रदेश ने आज अपने विकास सफर में एक नया अध्याय जोड़ दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजयनगरम जिले के भोगपुरम में बने अत्याधुनिक अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन कर राज्य को बड़ी सौगात दी. इसके साथ ही उन्होंने हजारों करोड़ रुपये की कई अहम परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. सरकार का मानना है कि ये परियोजनाएं केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत नहीं करेंगी, बल्कि निवेश, रोजगार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को भी नई गति देंगी. आधुनिक तकनीक से लैस यह नया एयरपोर्ट आंध्र प्रदेश को देश और दुनिया से बेहतर तरीके से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
PM Modi inaugurated the Alluri Sitarama Raju International Airport at Bhogapuram today, a major boost to North Andhra Pradesh.
— BJP (@BJP4India) August 1, 2026
Named after the legendary freedom fighter, this airport is building a more connected, stronger and futuristic India while honouring the legacy of one of… pic.twitter.com/p2XTZCrCgi
भोगपुरम में प्रधानमंत्री ने किया नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विजयनगरम जिले के भोगपुरम में लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया. इस दौरान उनके साथ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी मौजूद रहे. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया गया.
17,900 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को भी मिली मंजूरी
एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ प्रधानमंत्री ने करीब 17,900 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया. इनमें सड़क संपर्क, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य में आर्थिक गतिविधियों को तेज करना और विकास की रफ्तार को नई दिशा देना है.
जनसभा में विकास को बताया सरकार की प्राथमिकता
उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत 'भारत माता की जय' के उद्घोष के साथ की. उन्होंने कहा कि यह दिन आंध्र प्रदेश के युवाओं के बेहतर भविष्य का लॉन्च पैड साबित होगा. उनके अनुसार आधुनिक बुनियादी ढांचा किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति की सबसे मजबूत नींव होता है और केंद्र सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है.
एयरपोर्ट के नामकरण पर भी बोले प्रधानमंत्री
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले देश में बनने वाले अधिकांश हवाई अड्डों का नाम एक ही परिवार के सदस्यों पर रखा जाता था, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदलने का काम किया है. उन्होंने कहा कि अब देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के नाम पर महत्वपूर्ण संस्थानों का नामकरण किया जा रहा है.
आधुनिक तकनीकों से लैस है नया एयरपोर्ट
भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अत्याधुनिक तकनीकों के साथ विकसित किया गया है. यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM), एयरसाइड 4.0 तकनीक, एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशन्स सेंटर (APOC), बायोमेट्रिक पैसेंजर प्रोसेसिंग और ऑटोमेटेड बैगेज हैंडलिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इन तकनीकों से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा अनुभव मिलेगा.
पीपीपी मॉडल पर हुआ निर्माण
इस ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत लगभग 5,640 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. परियोजना का उद्देश्य केवल हवाई सेवाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि औद्योगिक निवेश, निर्यात, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है.
पहले चरण में 60 लाख यात्रियों की क्षमता
एयरपोर्ट के पहले चरण को इस तरह विकसित किया गया है कि यहां हर साल करीब 60 लाख यात्रियों की आवाजाही संभव होगी. भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए मास्टर प्लान के अनुसार आने वाले वर्षों में इसकी क्षमता बढ़ाकर सालाना 4 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाई जाएगी. इससे आंध्र प्रदेश देश के प्रमुख एविएशन हब में शामिल हो सकता है.
17 अगस्त से शुरू होंगे उड़ान संचालन
भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आंध्र प्रदेश का सातवां एयरपोर्ट होगा. यहां से नियमित उड़ानों का संचालन 17 अगस्त से शुरू किया जाएगा. इसके चालू होने के बाद विशाखापत्तनम और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में बारिश का कहर, खतरे के के करीब पहुंची नदियां, NH-34 समेत कई रास्ते बंद, चेतावनी जारी