दिल्ली सरकार ने छात्राओं की शिक्षा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत कर दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वी विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सरकारी स्कूलों की नौवीं कक्षा की छात्राओं को साइकिलें वितरित कर इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया.
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी मौजूद रहे. सरकार का कहना है कि यह योजना केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी शिक्षा में निरंतरता बनाए रखना और स्कूल तक उनकी पहुंच को आसान बनाना है.
पहले चरण में 3,000 छात्राओं को साइकिल
दिल्ली सरकार के बजट में घोषित इस योजना के तहत पहले चरण में 3,000 साइकिलें वितरित की गई हैं. अधिकारियों के अनुसार, अगले महीने से चरणबद्ध तरीके से राजधानी के विभिन्न सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली करीब 1.40 लाख छात्राओं को साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी. सरकार का मानना है कि इस पहल से छात्राओं की नियमित स्कूल उपस्थिति बढ़ेगी, लंबी दूरी तय करने में आने वाली परेशानियां कम होंगी और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास एवं स्वतंत्रता की नई पहचान मिलेगी.
सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'हमें दिल्ली के सरकारी स्कूलों की कक्षा नौवीं की छात्राओं को 'विद्या वाहिनी' साइकिलें प्रदान करते हुए खुशी हो रही है. यह साइकिल सम्मान का माध्यम बनेगी और उन्हें सुरक्षित रूप से स्कूलों तक आने-जाने में मदद करेगी.'
सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "आज ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत 3,000 से अधिक बेटियों को साइकिलें सौंपकर अपार संतोष की अनुभूति हुई. आप सभी खूब मन लगाकर पढ़ें, अपने सपनों को साकार करें, दिल्ली, अपने परिवार और देश का नाम रोशन करें. आप सभी को ढेरों बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं."
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, "हमारा संकल्प है कि सरकारी विद्यालयों की कक्षा 9 में पढ़ने वाली 1.40 लाख से अधिक बेटियों तक यह योजना पहुंचे. यह साइकिल बेटियों का स्कूल जाना आसान बनाएगी, उपस्थिति बढ़ाएगी, पढ़ाई और खेलों के लिए अधिक अवसर देगी, परिवार का खर्च कम करेगी और सबसे बढ़कर उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान देगी."
आज ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत 3,000 से अधिक बेटियों को साइकिलें सौंपकर अपार संतोष की अनुभूति हुई। आप सभी खूब मन लगाकर पढ़ें, अपने सपनों को साकार करें, दिल्ली, अपने परिवार और देश का नाम रोशन करें। आप सभी को ढेरों बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) July 31, 2026
हमारा संकल्प… pic.twitter.com/m3aj6RydTf
ये भी पढ़ें: IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड में कोर्ट का बड़ा फैसला, ताहिर हुसैन को उम्रकैद की सजा