शराब पिलाई, सिर पर वार... फिर गड्ढे में दफनाया पति का शव; पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश

Faridabad Crime News: हरियाणा के फरीदाबाद में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया. तिगांव थाना क्षेत्र के मोजाबाद गांव में 42 वर्षीय श्यामवीर की हत्या के मामले को क्राइम ब्रांच DLF ने महज 24 घंटे में सुलझाने का दावा किया है.

faridabad-murder-wife-lover-arrested-body-buried
Image Source: Magnific

Faridabad Crime News: हरियाणा के फरीदाबाद में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया. तिगांव थाना क्षेत्र के मोजाबाद गांव में 42 वर्षीय श्यामवीर की हत्या के मामले को क्राइम ब्रांच DLF ने महज 24 घंटे में सुलझाने का दावा किया है. पुलिस ने मृतक की पत्नी केशव और उसके प्रेमी कामत को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों ने हत्या के बाद शव को घर के पास गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबा दिया था. सहायक पुलिस आयुक्त अमन यादव ने बताया कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं.

अवैध संबंध बने हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि कामत श्यामवीर के साथ मोजाबाद स्थित मकान में ही रहता था. इसी दौरान उसके मृतक की पत्नी केशव से संबंध बन गए. जब श्यामवीर को पत्नी और कामत के रिश्ते की भनक लगी तो घर में विवाद बढ़ने लगा. पुलिस के मुताबिक, श्यामवीर शराब के नशे में पत्नी से अक्सर झगड़ा करता था. इसी विवाद से परेशान होकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.

शराब पिलाकर सिर पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की शाम कामत ने श्यामवीर को योजना के तहत काफी शराब पिलाई. जब वह पूरी तरह नशे में हो गया तो कामत ने भारी इंटरलॉकिंग टाइल से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के दौरान पत्नी केशव ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था. हत्या के बाद दोनों ने घर के पास गड्ढा खोदा और शव को उसमें दफन कर मिट्टी डाल दी. इस तरह कई दिनों तक वारदात का राज छिपा रहा.

24 अगस्त को मिली शव की सूचना

24 अगस्त को फरीदाबाद कंट्रोल रूम को मोजाबाद में जमीन के अंदर शव दबे होने की सूचना मिली. इसके बाद तिगांव थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कर शव बरामद किया. मृतक के भाई रामबीर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया. पुलिस की पूछताछ में पत्नी और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया. अब दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि हत्या में इस्तेमाल सामान और अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें.

ये भी पढ़ें: ‘गोली मारेंगे’ गाने से बनाई पहचान, राजनीति में जाने का था इरादा, कौन थे अंकित बालियान, जिनकी हुई हत्या?