Delhi Health Alert: दिल्ली में बारिश के बीच मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता नजर आ रहा है. एक तरफ स्वाइन फ्लू यानी H1N1 के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है, तो दूसरी ओर मच्छर जनित बीमारियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 30 अगस्त को H1N1 के 48 नए मामले सामने आए, जिसके बाद इस साल कुल मामलों की संख्या 3,629 हो गई है. वहीं अगस्त में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मामलों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
H1N1 के 3,629 मामले दर्ज
दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 30 अगस्त तक इस साल H1N1 के कुल 3,629 मामले दर्ज किए जा चुके हैं. इनमें दिल्ली के 3,054 मामले और राजधानी से बाहर के 575 मामले शामिल हैं. इसके अलावा फ्लूएंजा ए और बी के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 5,029 हो गई है.
विशेषज्ञों ने सतर्क रहने की दी सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते मामलों के बीच लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतनी चाहिए. सामान्य खांसी-जुकाम या हल्के बुखार की स्थिति में बिना जरूरत अस्पताल जाने से बचने की सलाह दी गई है. हालांकि तेज बुखार, शरीर में अधिक ठंड लगना या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय मदद लेना जरूरी है.
बारिश के साथ बढ़ा मच्छरों का प्रकोप
दिल्ली में बारिश के बाद मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. मच्छर जनित बीमारियों के आंकड़ों में अगस्त के दौरान इस साल की सबसे तेज वृद्धि दर्ज की गई. डेंगू के अब तक सामने आए 311 मामलों में 90 मामले अकेले अगस्त में मिले हैं. इसी तरह मलेरिया के कुल 119 मामलों में 53 अगस्त में सामने आए. चिकनगुनिया के 22 मामलों में भी आठ केस अगस्त के दौरान दर्ज किए गए हैं.
एक महीने में दोगुने से ज्यादा हुए डेंगू के मामले
एमसीडी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में डेंगू के मामले जुलाई में 40 थे, जो अगस्त में बढ़कर 90 हो गए. यानी महज एक महीने में मामलों की संख्या दोगुने से भी ज्यादा हो गई. अप्रैल में 52 मामले सामने आए थे, जबकि मई में 35, जून में 39 और जुलाई में 40 मामले दर्ज हुए थे. अगस्त में अचानक आई तेजी ने मच्छर नियंत्रण अभियान के सामने चुनौती बढ़ा दी है.
पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र में सबसे ज्यादा डेंगू
क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिमी क्षेत्र 47 मामलों के साथ डेंगू के मामले में सबसे आगे रहा. इसके बाद मध्य क्षेत्र में 39, उत्तरी शाहदरा में 32 और सिविल लाइंस में 28 मामले दर्ज किए गए. दक्षिणी क्षेत्र में 21, सिटी एसपी में 19, नजफगढ़ में 18, रोहिणी में 17 और नरेला में 16 मामले सामने आए हैं.
अगस्त में मलेरिया के मामलों ने भी पकड़ी रफ्तार
मलेरिया के मामलों में भी अगस्त के दौरान तेज उछाल देखने को मिला. जनवरी से जुलाई तक दिल्ली में कुल 66 मामले दर्ज हुए थे, जबकि अकेले अगस्त में 53 मामले सामने आ चुके हैं. इस तरह इस साल दर्ज हुए 119 मलेरिया मामलों में करीब आधे केस अगस्त के हैं. पश्चिमी क्षेत्र में 22 मामले सबसे अधिक हैं. दक्षिणी क्षेत्र में 17 और मध्य क्षेत्र में 16 मामले दर्ज किए गए हैं.
चिकनगुनिया के मामलों में भी बढ़ोतरी
चिकनगुनिया के कुल मामले फिलहाल कम हैं, लेकिन अगस्त में इसकी रफ्तार भी बढ़ी है. जनवरी में एक, फरवरी में एक, मार्च में तीन, अप्रैल में दो, मई में चार, जून में तीन और जुलाई में तीन मामले सामने आए थे. अगस्त में अब तक आठ मामले दर्ज किए जा चुके हैं.
बारिश के मौसम में सावधानी जरूरी
दिल्ली में H1N1 के साथ डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के बढ़ते मामले बारिश के मौसम में अतिरिक्त सावधानी की जरूरत को रेखांकित करते हैं. घर और आसपास पानी जमा न होने देना, मच्छरों से बचाव के उपाय करना और गंभीर लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है. आने वाले दिनों में बारिश का पैटर्न और मच्छरों की संख्या इन बीमारियों के मामलों पर असर डाल सकती है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में बढ़ रहे H1N1 केस, मेडिकल एसोसिएशन की एडवाइजरी जारी, भीड़ वाली जगहों से बचें