DA Hike: सरकारी कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी, 3% बढ़ सकता है महंगाई भत्ता, जानें कितना होगा फायदा

केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी महंगाई भत्ते (DA) में अगली बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे हैं. ताजा आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 से डीए में करीब 3 फीसदी तक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

DA Hike government employees Dearness Allowance may increase by 3 percent
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

DA Hike: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी महंगाई भत्ते (DA) में अगली बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे हैं. ताजा आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 से डीए में करीब 3 फीसदी तक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

लेबर ब्यूरो की ओर से जारी औद्योगिक श्रमिकों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI-IW) के अनुसार, मई 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 150.8 पर पहुंच गया है. अप्रैल में यह 149.9 था. इन्हीं आंकड़ों के आधार पर महंगाई भत्ते की गणना की जाती है.

जुलाई से 3% बढ़ सकता है DA

मई तक के CPI-IW आंकड़ों को देखते हुए माना जा रहा है कि जुलाई 2026 से कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में कम से कम 3 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है.

इससे पहले सरकार ने डीए में 2 फीसदी की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद महंगाई भत्ता 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया था. अब अगर 3 फीसदी की बढ़ोतरी होती है तो डीए 63 फीसदी तक पहुंच सकता है.

8वें वेतन आयोग का भी इंतजार

सरकारी कर्मचारी 8वें वेतन आयोग का भी इंतजार कर रहे हैं. माना जा रहा है कि इसकी सिफारिशें अगले साल के आखिर तक लागू हो सकती हैं. हालांकि, नया वेतनमान जनवरी 2026 से प्रभावी माना जा सकता है.

जब 8वां वेतन आयोग लागू होगा, तब कर्मचारियों को 18 से 24 महीने तक का एरियर भी मिल सकता है. वहीं, जुलाई 2026 तक मिलने वाला डीए 7वें वेतन आयोग के नियमों के अनुसार ही तय होने की संभावना है.

कैसे मिलेगा DA का एरियर?

रिपोर्ट के अनुसार, अगर जुलाई 2026 में 7वें वेतन आयोग के तहत डीए बढ़ता है और बाद में 8वां वेतन आयोग लागू हो जाता है, तो दोनों के बीच बनने वाले वेतन के अंतर का भुगतान कर्मचारियों को एरियर के रूप में किया जाएगा.

यानी पहले मिले डीए और नए वेतनमान के हिसाब से बनने वाले डीए के बीच का अंतर सरकार बाद में कर्मचारियों के खाते में भेजेगी.

दिवाली के आसपास हो सकता है ऐलान

केंद्र सरकार हर साल जनवरी और जुलाई से महंगाई भत्ते में संशोधन करती है. हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा कुछ महीने बाद होती है, लेकिन बढ़ा हुआ डीए तय तारीख से ही लागू माना जाता है.

उम्मीद है कि जुलाई 2026 के डीए बढ़ोतरी का आधिकारिक ऐलान अक्टूबर में, दिवाली के आसपास किया जा सकता है. हालांकि, अंतिम फैसला सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा.

ये भी पढ़ें- बच्चों को मदरसे में भेजा तो नहीं मिलेगा अन्नपूर्णा योजना का लाभ! सीएम सुवेंदु अधिकारी का बड़ा ऐलान