America Attack Iran: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार को धमाकों की आवाजें सुनाई दीं. यह घटना ऐसे समय हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी. धमाकों की खबर सामने आने के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई. हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने शुरुआती जानकारी में कहा कि ये नियंत्रित विस्फोट थे.
तेहरान के पूर्वी हिस्से में सुनाई दी धमाकों की आवाज
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान प्रांत के पूर्वी इलाके से कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि ये विस्फोट किस वजह से हुए. अधिकारियों ने अभी तक किसी सैन्य कार्रवाई या किसी दूसरे कारण की पुष्टि नहीं की है. अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान या हताहत होने की भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
ईरान ने क्या कहा?
धमाकों के बाद ईरानी अधिकारियों ने कहा कि यह एक नियंत्रित विस्फोट था. हालांकि, उन्होंने अभी तक यह नहीं बताया कि यह विस्फोट किस उद्देश्य से किया गया था. मामले की पूरी जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है.
ट्रंप ने दी थी कड़ी चेतावनी
इस घटना से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी. उन्होंने कहा था कि अगर उनकी हत्या की कोई भी कोशिश की गई तो अमेरिका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है. ट्रंप ने दावा किया कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका हजारों मिसाइलों से ईरान के महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमला कर सकता है और इसके लिए पहले से आदेश दिए जा चुके हैं.
अमेरिका-ईरान के बीच लगातार बढ़ रहा तनाव
पश्चिम एशिया में पिछले कुछ समय से हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हमलों, क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों और दोनों देशों के बीच लगातार तेज होती बयानबाजी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. इसी बीच तेहरान में धमाकों की यह घटना सामने आने से पूरे क्षेत्र की स्थिति पर एक बार फिर सबकी नजरें टिक गई हैं.
ये भी पढ़ें- '30 साल पहले मिला वो मफलर आज भी संभालकर रखा हूं...' न्यूजीलैंड में भावुक हुए PM मोदी, सुनाई दिल छू लेने वाली कहानी