वियतनाम नाव हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख, बोले - 'जिन लोगों ने...'

वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया. भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट अचानक समुद्र में पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई.

vietnam-boat-capsizes-indian-tourists-feared-dead-pm-modi-condoles
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया. भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट अचानक समुद्र में पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार इस दुर्घटना में भारतीय नागरिकों समेत 15 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया, जबकि भारतीय दूतावास भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

32 भारतीय पर्यटक थे नाव में सवार

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्पीडबोट हॉन मे रुत से अन थोई बंदरगाह की ओर जा रही थी. नाव में कुल 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल के चार सदस्य मौजूद थे. बताया गया कि हॉन मे रुत नगोई से लगभग 400 मीटर की दूरी पर अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई. इसके बाद नाव में सवार सभी लोग समुद्र में गिर पड़े, जिससे बड़ा हादसा हो गया.

15 लोगों की मौत की आशंका

स्थानीय समाचार पोर्टल की रिपोर्ट के मुताबिक इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत होने की आशंका जताई गई है. हालांकि भारतीय अधिकारियों की ओर से अभी मृतकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. बचाव दल लगातार समुद्र में लापता लोगों की तलाश कर रहा है और राहत अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही अंतिम आंकड़े सामने आएंगे.

भारतीय दूतावास ने बनाया कंट्रोल रूम

घटना के बाद हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी में भारत के वाणिज्य दूतावास ने तत्काल कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं. दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाकर स्थिति की निगरानी की जा रही है.

पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'वियतनाम के फु क्वोक के पास भारतीय नागरिकों के साथ हुए नाव हादसे की दुखद खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है. घायलों के जल्दी ठीक होने की मेरी प्रार्थना है. हमारी एंबेसी और कॉन्सुलेट हर मुमकिन मदद कर रही है. हमारे अधिकारी भी वियतनामी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं.'

कांग्रेस ने विदेश मंत्रालय से की विशेष अपील

इस घटना पर कांग्रेस पार्टी ने भी चिंता जताई है. पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि हादसे में लापता भारतीय पर्यटकों के परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास द्वारा यात्रियों की सूची जारी की गई है और अब सभी की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए. उन्होंने लापता पर्यटकों के सकुशल मिलने की कामना भी की.

ये भी पढ़ें: 'अब सिर्फ समंदर नहीं, उसकी दिशा भी तय करेगा भारत', INS महेंद्रगिरि की कमीशनिंग पर गरजे राजनाथ सिंह