'30 साल पहले मिला वो मफलर आज भी संभालकर रखा हूं...' न्यूजीलैंड में भावुक हुए PM मोदी, सुनाई दिल छू लेने वाली कहानी

PM Modi New Zealand Visit: ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25-30 साल पुराना मफलर दिखाया और न्यूजीलैंड से जुड़ी अपनी यादें साझा करते हुए दोनों देशों की दोस्ती को खास बताया.

PM Modi became emotional in New Zealand narrated a heart touching story
Image Source: Internet

PM Modi New Zealand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने न्यूजीलैंड दौरे के दौरान ऑकलैंड में आयोजित भारतीय समुदाय के विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस अवसर पर उन्होंने प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा कि करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा हो रहा है और यह उनके लिए सम्मान और खुशी की बात है. उन्होंने कहा कि वे अपने साथ 140 करोड़ भारतीयों का स्नेह और शुभकामनाएं लेकर आए हैं.

30 साल पुरानी याद ने छुआ सभी का दिल

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक निजी अनुभव साझा किया, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बनने से कई वर्ष पहले, जब वे न तो सरकार का हिस्सा थे और न ही सार्वजनिक जीवन में व्यापक रूप से पहचाने जाते थे, तब उन्हें पहली बार न्यूजीलैंड आने का अवसर मिला था. पीएम मोदी ने कहा कि उस यात्रा के दौरान उन्हें एक स्थानीय मित्र ने मफलर, टोपी और दस्ताने उपहार में दिए थे. उन्होंने बताया कि आज भी उन्होंने वही पुराना मफलर संभालकर रखा है और इसी मफलर को पहनकर वह इस कार्यक्रम में पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक उपहार नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी दोस्ती और अपनत्व की याद है.

भारत-न्यूजीलैंड रिश्तों को बताया भरोसे और मूल्यों का संबंध

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि साझा मूल्यों और विश्वास पर आधारित बताया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती, आपसी सम्मान और सहयोग की मजबूत परंपरा रही है. उन्होंने न्यूजीलैंड की माओरी संस्कृति के एक महत्वपूर्ण शब्द 'वाका' का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक नाव नहीं, बल्कि साथ मिलकर आगे बढ़ने और साझा यात्रा का प्रतीक है. उनके अनुसार भारत और न्यूजीलैंड अब विकास और सहयोग की नई यात्रा में साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं.

प्रवासी भारतीयों की भूमिका की सराहना

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय की उपलब्धियों की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने प्रवासी भारतीयों को भारत का सशक्त प्रतिनिधि बताते हुए उनके योगदान की सराहना की.

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने की पीएम मोदी की प्रशंसा

कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भी प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना की. उन्होंने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करना प्रेरणादायक है. लक्सन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है और वे वर्तमान समय के प्रभावशाली वैश्विक नेताओं में शामिल हैं. उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड की मित्रता को भविष्य में और मजबूत होने की उम्मीद भी जताई.

ये भी पढ़ें-India Afghanistan Relations: 'भारत और अफगानिस्तान का DNA एक...', अफगान मंत्री के इस बयान से पाकिस्तान की बढ़ेगी बेचैनी!