DA Hike: 8वें वेतन आयोग से पहले DA पर बड़ा अपडेट, 3% बढ़ सकता है महंगाई भत्ता! जानें किसे मिलेगा फायदा

केंद्र सरकार के करीब 1 करोड़ कर्मचारी और पेंशनर जुलाई 2026 में महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे हैं.

DA Hike ahead of the 8th Pay Commission Dearness Allowance could rise by 3%
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

DA Hike: केंद्र सरकार के करीब 1 करोड़ कर्मचारी और पेंशनर जुलाई 2026 में महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे हैं. इस बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि जुलाई से मिलने वाला बढ़ा हुआ DA 7वें वेतन आयोग के तहत मिलेगा या फिर 8वें वेतन आयोग के हिसाब से. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि अभी तक क्या स्थिति है.

जुलाई 2026 में कितना बढ़ सकता है DA?

लेबर ब्यूरो के ताजा CPI-IW (औद्योगिक श्रमिक उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) के अनुसार मई 2026 में इंडेक्स बढ़कर 150.8 पर पहुंच गया है. अप्रैल में यह 149.9 था.

अब तक आए महंगाई के आंकड़ों को देखते हुए माना जा रहा है कि जुलाई 2026 से महंगाई भत्ते में करीब 3 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि यह अभी सिर्फ अनुमान है. अंतिम फैसला जून 2026 के CPI-IW आंकड़े आने के बाद ही होगा.

जुलाई का DA 7वें वेतन आयोग के तहत मिलेगा या 8वें के?

फिलहाल कर्मचारियों को जुलाई 2026 से मिलने वाला महंगाई भत्ता 7वें वेतन आयोग के नियमों के अनुसार ही मिलेगा. यानी अभी सैलरी और DA की गणना मौजूदा वेतन ढांचे के हिसाब से होगी.

8वें वेतन आयोग की नई सिफारिशें लागू होने तक किसी तरह का बदलाव नहीं होगा.

8वां वेतन आयोग लागू होने के बाद क्या होगा?

जब सरकार 8वें वेतन आयोग को लागू करेगी, तब कर्मचारियों की बेसिक सैलरी नए नियमों के अनुसार तय की जाएगी. इसके बाद नई बेसिक सैलरी पर महंगाई भत्ते की भी दोबारा गणना होगी.

अगर नई व्यवस्था को पिछली तारीख से लागू किया जाता है, तो कर्मचारियों को पुराने और नए वेतन के बीच का अंतर एरियर के रूप में मिल सकता है.

कितना एरियर मिलने की संभावना है?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 8वां वेतन आयोग 2027 के आखिर तक लागू हो सकता है. हालांकि इसकी प्रभावी तारीख 1 जनवरी 2026 रखी जा सकती है.

अगर ऐसा होता है, तो केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को करीब 18 से 24 महीने का एरियर मिलने की संभावना है. हालांकि इस पर अंतिम फैसला सरकार की मंजूरी और आयोग की सिफारिशों के बाद ही होगा.

फिलहाल क्या समझें?

अभी की स्थिति में जुलाई 2026 का महंगाई भत्ता 7वें वेतन आयोग के तहत ही बढ़ाया जाएगा. 8वें वेतन आयोग के लागू होने के बाद नई सैलरी और महंगाई भत्ते का हिसाब बनेगा. यदि नई व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से लागू की जाती है, तो कर्मचारियों को बाद में एरियर का भी लाभ मिल सकता है.