US Attack On Iran Ship: होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव लगातार बना हुआ है. शनिवार को ईरान के खर्ग द्वीप के पास एक तेल टैंकर पर मिसाइल हमला होने की खबर सामने आई. ईरानी मीडिया के मुताबिक, खर्ग द्वीप के आसपास कई धमाकों की आवाज सुनी गई. यह इलाका ईरान के लिए बेहद अहम तेल केंद्र है और होर्मुज के काफी करीब है. ऐसे में यहां किसी भी सैन्य घटना का असर पूरे इलाके पर पड़ सकता है.
ईरान के तेल कारोबार में खर्ग द्वीप की बड़ी भूमिका है. ईरान के स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क के मुताबिक, शनिवार को द्वीप के पास कई धमाके हुए. रिपोर्ट में दावा किया गया कि एक ईरानी तेल टैंकर को मिसाइल से निशाना बनाया गया. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि टैंकर कौन सा था, उस पर हमला किसने किया और इस दौरान वास्तव में क्या हुआ.
ईरान के लिए क्यों अहम है खर्ग द्वीप
खर्ग द्वीप को ईरान के तेल कारोबार का सबसे अहम केंद्र माना जाता है. देश के करीब 90 फीसदी तेल निर्यात का संबंध इसी इलाके से बताया जाता है. ऐसे में यहां किसी तेल टैंकर पर हमला सिर्फ एक जहाज से जुड़ी घटना नहीं है. इससे ईरान के तेल निर्यात और खाड़ी में समुद्री आवाजाही को लेकर भी चिंता बढ़ सकती है.
होर्मुज में नहीं थम रहा तनाव
यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष फिर तेज होता दिख रहा है. बुधवार को दोनों देशों के बीच जुलाई के बाद सबसे बड़े हमलों में से एक हुआ. अमेरिका ने ईरान के दक्षिणी तट पर हमला किया, जबकि ईरान ने पूरे क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया.
शादी समारोह में भी गिरा था मिसाइल
हाल ही में ईरान के दक्षिणी होर्मोजगान प्रांत में भी एक बड़ा हमला हुआ था. कुहेस्तक नाम के तटीय गांव में शादी समारोह के दौरान एक मिसाइल गिरने से 5 लोगों की मौत और कम से कम 60 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी CENTCOM ने 1 सितंबर को ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए थे. बताया गया कि इन्हीं हमलों में से एक मिसाइल शादी समारोह के पास गिरी. अमेरिका ने कहा था कि ये कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों और अमेरिकी सैनिकों पर ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड यानी IRGC के कथित हमलों के जवाब में की गई थी.
इस घटना में अमेरिका की भूमिका को लेकर सवाल उठे तो अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि अमेरिका युद्ध के दौरान आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाता. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि युद्ध के दौरान ऐसी घटनाएं हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें- चीन ने बना लिया अपना 'ब्रह्मास्त्र'! स्टील्थ बॉम्बर देख बढ़ी अमेरिका की टेंशन, भारत कैसे करेगा मुकाबला?