VIRAT KOHLI & Rohit SHarma: टीम इंडिया के दो सबसे भरोसेमंद और अनुभवी सितारे, विराट कोहली और रोहित शर्मा जल्द ही इंटरनेशनल क्रिकेट में धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में दोनों दिग्गजों की वापसी लगभग तय मानी जा रही है.
सूत्रों के अनुसार, BCCI इस सीरीज के लिए स्क्वाड की घोषणा 4 अक्टूबर को कर सकता है. हालांकि, आंतरिक चर्चाओं के चलते तारीख में फेरबदल की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
अब तक क्यों थे बाहर?
2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित और विराट दोनों ने टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था, और इंग्लैंड टूर से पहले उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी विदाई ले ली थी. इस रिटायरमेंट के बाद से टीम इंडिया ने युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी, और सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी नई जिम्मेदारियों में दिखे.
ऑस्ट्रेलिया दौरे का शेड्यूल क्या है?
भारत का ऑस्ट्रेलियाई दौरा 19 अक्टूबर से 8 नवंबर तक चलेगा. पहले 3 मैचों की वनडे सीरीज होगी. इसके बाद 5 मैचों की T20 सीरीज खेली जाएगी. वनडे सीरीज में रोहित शर्मा कप्तानी करते नजर आएंगे, जबकि विराट कोहली भी स्क्वाड का हिस्सा होंगे.
कौन-कौन रहेगा बाहर?
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और विकेटकीपर ऋषभ पंत चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हैं. इन दोनों की गैरमौजूदगी में टीम मैनेजमेंट को संतुलन साधने के लिए अनुभव और स्थिरता की सख्त जरूरत है, और यही जरूरत विराट और रोहित की वापसी को और ज़रूरी बना देती है.
क्या यह आखिरी सीरीज होगी?
इधर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ऑस्ट्रेलियाई दौरे के बाद विराट और रोहित को टीम से हटाने की योजना भी चर्चा में है. कुछ चयनकर्ता यह मानते हैं कि 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से टीम को अब भविष्य की ओर देखना चाहिए. हालांकि, फिलहाल यह सिर्फ अटकलें हैं, और इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
क्यों है ये वापसी खास?
रोहित और विराट की जोड़ी जब भी मैदान पर उतरती है, फैंस की उम्मीदें सातवें आसमान पर पहुंच जाती हैं. विराट कोहली, ODI क्रिकेट में अब तक 13,000 से अधिक रन बना चुके हैं. रोहित शर्मा, वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक जड़ चुके इकलौते खिलाड़ी हैं. उनकी वापसी टीम को अनुभव, स्थिरता और रणनीतिक बढ़त देगी, जो कि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ बेहद अहम साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें- अयोध्या की रामलीला ने रचा इतिहास, 50 देशों में इतने दर्शकों ने देखा लाइव; जानें कितना हुआ खर्च