यूपी के 14.82 लाख कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, योगी सरकार देगी बोनस, अकाउंट में आएंगे इतने रुपये

उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए राज्य कर्मचारियों को बोनस देने का ऐलान किया है. यह बोनस उन कर्मचारियों को मिलेगा जो वेतन मैट्रिक्स के लेवल 8 (₹47,600 से ₹1,51,100) तक आते हैं.

CM Yogi Adityanath announces Diwali bonus for 14.82 lakh UP government employees
Image Source: ANI

लखनऊ: दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के लाखों कर्मचारियों और उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को बड़ी राहत दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन अवसर पर कर्मचारियों और जनता को आर्थिक सहयोग देकर यह साबित कर दिया है कि सरकार सिर्फ शासन नहीं, बल्कि संवेदनशीलता से जुड़ा नेतृत्व भी कर रही है.

सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा दिवाली बोनस

उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए राज्य कर्मचारियों को बोनस देने का ऐलान किया है. यह बोनस उन कर्मचारियों को मिलेगा जो वेतन मैट्रिक्स के लेवल 8 (₹47,600 से ₹1,51,100) तक आते हैं. इसका लाभ राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, स्थानीय निकायों और राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के कर्मियों को भी मिलेगा.

बोनस की राशि और गणना कैसे होगी?

सरकार ने यह तय किया है कि बोनस का आकलन अधिकतम ₹7,000 की मासिक परिलब्धियों के आधार पर 30 दिनों के लिए किया जाएगा. इसका अर्थ है कि प्रत्येक पात्र कर्मचारी को ₹6,908 की राशि बोनस के रूप में प्राप्त होगी. इस फैसले से हजारों कर्मचारियों को त्योहारी खर्चों में बड़ी राहत मिलेगी.

समय से मिलेगा भुगतान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बोनस का भुगतान समयबद्ध तरीके से किया जाए. दिवाली से पहले, यानी अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक यह राशि कर्मचारियों के खातों में पहुंचने की संभावना है. इस निर्णय से कर्मचारियों के चेहरे पर रौनक लौट आई है और त्योहार का उत्साह दोगुना हो गया है.

उज्ज्वला योजना की लाभार्थियों के लिए भी दिवाली गिफ्ट

सिर्फ कर्मचारी ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की 1.86 करोड़ महिला लाभार्थियों को भी दिवाली का तोहफा मिला है. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत राज्य सरकार ने एलान किया है कि प्रत्येक लाभार्थी महिला को एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल प्रदान किया जाएगा. इस योजना के अंतर्गत लाभार्थी पहले सिलेंडर के लिए भुगतान करेंगी और बाद में पूरी राशि उनके आधार लिंक बैंक खातों में रिफंड के रूप में भेज दी जाएगी. यह कदम त्योहारों के समय रसोई का बोझ हल्का करने में मदद करेगा.

विकास के साझेदार हैं कर्मचारी और नागरिक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह स्पष्ट किया है कि प्रदेश की तरक्की में सरकारी कर्मचारियों की मेहनत और निष्ठा का बड़ा योगदान है. यही वजह है कि सरकार हर अवसर पर उनके हितों की रक्षा और प्रोत्साहन के लिए आगे रहती है. साथ ही, उज्ज्वला लाभार्थियों को तोहफा देकर सरकार ने यह दिखा दिया है कि वह आम नागरिक के जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.

ये भी पढ़ें: यूपी के सभी 75 जिलों को मिलेंगे नए पर्यटन स्थल, दिवाली से पहले CM योगी की बड़ी सौगात