मध्य प्रदेश के यूट्यूबर्स, रील मेकर्स और डिजिटल कंटेंट बनाने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि समाज में जागरूकता फैलाने और सकारात्मक संदेश देने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को अब सरकार सम्मानित करेगी. इसके साथ ही उन्हें नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा.
यह घोषणा इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'मध्य प्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026' के दौरान की गई.
क्रिएटर्स से किया सीधा संवाद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इंदौर, उज्जैन, धार और मालवा-निमाड़ क्षेत्र से आए कई यूट्यूबर्स और डिजिटल क्रिएटर्स से बातचीत की. उन्होंने कहा कि आज के युवा सोशल मीडिया के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं और लोगों तक अच्छी बातें पहुंचा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा सिर्फ वीडियो नहीं बना रहा, बल्कि समाज को जोड़ने और नई सोच को आगे बढ़ाने का काम भी कर रहा है. ऐसे युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार यह नया अवॉर्ड शुरू कर रही है.
इन विषयों के कंटेंट को मिलेगी प्राथमिकता
सरकार के मुताबिक, इस योजना के तहत शिक्षा, पर्यटन, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर अच्छे और उपयोगी वीडियो बनाने वाले क्रिएटर्स का चयन किया जाएगा. बेहतर कंटेंट बनाने वालों को सम्मान और नकद इनाम दिया जाएगा.
जल्द तय होंगे नियम
सरकार ने बताया कि डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड की अलग-अलग श्रेणियां और चयन प्रक्रिया जल्द घोषित की जाएगी. इस योजना का उद्देश्य जिम्मेदार और अच्छी गुणवत्ता वाले डिजिटल कंटेंट को बढ़ावा देना है.
इस पहल से साफ है कि राज्य सरकार सोशल मीडिया को एक मजबूत माध्यम मान रही है. सरकार चाहती है कि युवा अपनी रचनात्मकता का इस्तेमाल समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने और लोगों को जागरूक करने के लिए करें.
ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े 3 शूटर गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की थी प्लानिंग