Dhurandhar 2 Latest News: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है और अब आखिरकार ये फिल्म रिलीज के करीब है. फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में आएगी, लेकिन उससे पहले 18 मार्च की शाम 5 बजे से इसके पेड प्रीव्यू शुरू हो जाएंगे. फैंस में इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह है और कई सवालों के जवाब जानने की उत्सुकता भी बनी हुई है.
इस बार कहानी को लेकर लोगों के मन में काफी जिज्ञासा है. चाहे “बड़े साहब” का सच हो, यामी गौतम के कैमियो की बात हो या फिर जसकीरत सिंह रांगी के किरदार की पूरी कहानी, फैंस हर चीज जानने के लिए बेताब हैं. पहले पार्ट के अंत में दिखाया गया था कि कैसे आर माधवन का किरदार जसकीरत को हमजा बनने के लिए तैयार करता है. वहीं से इस सीक्वल की कहानी आगे बढ़ेगी.
क्लाइमैक्स को लेकर बड़ी जानकारी
अब फिल्म के क्लाइमैक्स को लेकर एक दिलचस्प अपडेट सामने आई है. खबरों के मुताबिक, इस बार क्लाइमैक्स काफी अलग और इमोशनल होने वाला है. कहा जा रहा है कि जसकीरत सिंह रांगी एक नए अवतार में भारत लौटेगा. खास बात ये है कि इस बार वह सिर्फ एक्शन या बदले की भावना में नहीं दिखेगा, बल्कि एक अलग ही अंदाज में नजर आएगा.
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह फिल्म के अंत में फुल पंजाबी लुक में दिखाई देंगे. यह वापसी एक गर्व और इमोशन से भरा पल होगी, जिसमें ज्यादा हिंसा नहीं बल्कि भावना और पहचान का एहसास देखने को मिलेगा. यही सीन फिल्म का सबसे खास हिस्सा माना जा रहा है.
पहले लीक हुए थे कई सीन
फिल्म की शूटिंग के दौरान कुछ सीन पहले ही लीक हो गए थे, जिनमें लद्दाख का शेड्यूल भी शामिल था. उन्हीं में से रणवीर का पंजाबी लुक भी सामने आया था, जो अब क्लाइमैक्स से जुड़ा बताया जा रहा है. इससे फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है.
कहानी का अंत भारत में
इस बार फिल्म की कहानी पाकिस्तान की अंडरवर्ल्ड दुनिया से होते हुए आखिर में भारत आकर खत्म होगी. इसमें देशभक्ति, बदला और अपनी पहचान जैसे इमोशंस को खास तौर पर दिखाया जाएगा, जो दर्शकों को जोड़कर रखेंगे.
एडवांस बुकिंग में रिकॉर्ड तोड़ कमाई
रिलीज से पहले ही फिल्म ने जबरदस्त कमाई शुरू कर दी है. पेड प्रीव्यू, ओपनिंग डे और ओवरसीज बुकिंग मिलाकर फिल्म ने लगभग 130 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. अभी रिलीज में समय बाकी है, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि ये आंकड़ा और बढ़ सकता है.
कुल मिलाकर ‘धुरंधर 2’ सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं, बल्कि इमोशन और दमदार कहानी का कॉम्बिनेशन होने वाली है. अब देखना होगा कि रिलीज के बाद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितने नए रिकॉर्ड बनाती है.
ये भी पढ़ें- आपकी वजह से... 'धुरंधर 2' के रिलीज से पहले भावुक हुए रणवीर सिंह, फैंस को कह दी बड़ी बात