चिकन नेक के पास दिखा चीनी सैन्य विमान, भारतीय सीमा में 20 मिनट तक उड़ता रहा! वायुसेना ने खदेड़ा

चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. भारत के साथ सीमा विवाद के बीच अब चीनी सैन्य विमान की भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसपैठ का मामला सामने आया है.

Chinese military aircraft near the Chicken Neck Indian territory for 20 minutes
Image Source: Social Media

चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. भारत के साथ सीमा विवाद के बीच अब चीनी सैन्य विमान की भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसपैठ का मामला सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, 12 नवंबर को चीन का एक सैन्य विमान भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ और करीब 20 से 25 मिनट तक आसमान में मंडराता रहा. यह घटना सिक्किम के पास हुई, जो भारत के बेहद संवेदनशील सिलीगुड़ी कॉरिडोर यानी चिकन नेक के करीब है. इस इलाके की रणनीतिक अहमियत को देखते हुए चीनी विमान की इस हरकत ने सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान खींचा है.

भारतीय वायुसेना ने चीनी विमान को दी चेतावनी

आउटलुक की रिपोर्ट के मुताबिक, 12 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे भारतीय वायुसेना ने चीनी सैन्य विमान की गतिविधि का पता लगाया. इसके बाद उसे तुरंत चेतावनी दी गई और भारतीय हवाई क्षेत्र से वापस जाने को कहा गया.

हालांकि, रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चेतावनी मिलने के बाद भी चीनी विमान कुछ समय तक उसी इलाके में उड़ान भरता रहा. बताया जा रहा है कि यह विमान करीब 20 से 25 मिनट तक भारतीय क्षेत्र के ऊपर मंडराता रहा.

रिपोर्ट के अनुसार, चीनी विमान करीब 25 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान किस श्रेणी का था, उसका सटीक उड़ान मार्ग क्या था और वह भारतीय हवाई क्षेत्र से कब बाहर निकला.

क्यों खास है चिकन नेक का इलाका?

सिलीगुड़ी कॉरिडोर भारत के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक इलाकों में से एक है. पश्चिम बंगाल में स्थित यह संकरा गलियारा पूर्वोत्तर के आठ राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है. इसकी सबसे संकरी जगह करीब 20 से 22 किलोमीटर चौड़ी है.

इसी संकरे रास्ते से पूर्वोत्तर भारत तक जरूरी सामान, सेना और दूसरी सुविधाएं पहुंचाई जाती हैं. यही वजह है कि इसे भारत की अहम सप्लाई लाइन भी माना जाता है. इसकी बनावट संकरी होने के कारण इसे चिकन नेक कहा जाता है.

चीन, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश से घिरा है यह क्षेत्र

सिलीगुड़ी कॉरिडोर की अहमियत इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि इसके आसपास कई देशों की सीमाएं हैं. इसके पास चीन का तिब्बत क्षेत्र, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश मौजूद हैं. इस वजह से यह इलाका सैन्य और सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है.

इसके अलावा, डोकलाम पठार भी इसी क्षेत्र के करीब है. साल 2017 में डोकलाम में भारत और चीन की सेनाओं के बीच करीब 73 दिनों तक सैन्य गतिरोध चला था. उस समय दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने आ गई थीं.

ऐसे में चिकन नेक के पास चीनी सैन्य विमान की कथित घुसपैठ को गंभीरता से देखा जा रहा है. हालांकि, इस घटना को लेकर अभी विमान की पहचान और उसकी गतिविधियों से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.