China Artificial Sun: चीन अपनी नई तकनीक से एक बार फिर पूरी दुनिया को हैरान करने की तैयारी में है. चीन एक ऐसे बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है, जिसे ‘कृत्रिम सूरज’ यानी आर्टिफिशियल सन कहा जा रहा है.
यह सुनकर कई लोगों के मन में सवाल आता है कि जब हमारे पास पहले से असली सूरज मौजूद है, तो फिर चीन नया सूरज क्यों बना रहा है और इसका हमारी जिंदगी पर क्या असर पड़ेगा?
क्या है चीन का आर्टिफिशियल सूरज?
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि चीन कोई दूसरा सूरज आसमान में नहीं बनाने जा रहा है. दरअसल, यह एक बहुत बड़ी वैज्ञानिक मशीन है, जिसे न्यूक्लियर फ्यूजन रिएक्टर कहा जाता है.
यह मशीन उसी प्रक्रिया पर काम करती है, जिस तरह असली सूरज ऊर्जा पैदा करता है. सूरज के अंदर हाइड्रोजन के छोटे-छोटे कण आपस में मिलकर बहुत ज्यादा ऊर्जा पैदा करते हैं. वैज्ञानिक इसी प्रक्रिया को धरती पर दोहराने की कोशिश कर रहे हैं. चीन का लक्ष्य इस प्रोजेक्ट को साल 2030 तक आगे बढ़ाना है.
चीन क्यों बना रहा है कृत्रिम सूरज?
चीन इस तकनीक की मदद से भविष्य में बड़ी मात्रा में बिजली बनाना चाहता है. अभी दुनिया में बिजली बनाने के लिए कोयला, तेल और गैस जैसे संसाधनों का इस्तेमाल किया जाता है, जो सीमित हैं और धीरे-धीरे खत्म हो सकते हैं.
न्यूक्लियर फ्यूजन तकनीक सफल होने पर लंबे समय तक साफ और ज्यादा ऊर्जा उपलब्ध हो सकती है. इसके अलावा इससे प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी, क्योंकि इसमें कोयले की तरह धुआं और जहरीली गैस नहीं निकलती. वैज्ञानिकों का मानना है कि यह ऊर्जा का एक सुरक्षित और साफ तरीका बन सकता है.
दुनिया में आ सकता है बड़ा बदलाव
अगर चीन का यह प्रोजेक्ट सफल होता है तो आने वाले समय में ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. सस्ती और ज्यादा बिजली मिलने से घरों, उद्योगों और बड़ी कंपनियों को फायदा हो सकता है. इससे फैक्ट्रियों में उत्पादन का खर्च कम हो सकता है और कई चीजों की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है.
इसके अलावा इस तकनीक का इस्तेमाल भविष्य में अंतरिक्ष यात्रा में भी किया जा सकता है. ज्यादा ऊर्जा मिलने से तेज रफ्तार वाले अंतरिक्ष यान बनाए जा सकते हैं, जिससे मंगल जैसे ग्रहों तक पहुंचना आसान हो सकता है.
पानी की समस्या भी हो सकती है दूर
दुनिया के कई हिस्सों में पीने के पानी की कमी एक बड़ी समस्या है. अगर इस तकनीक से बहुत ज्यादा और सस्ती बिजली मिलने लगी, तो समुद्र के खारे पानी को साफ करके पीने योग्य पानी बनाना आसान हो सकता है. इससे पानी की कमी से जूझ रहे देशों को बड़ी मदद मिल सकती है.
एआई और कंप्यूटर की दुनिया को भी मिलेगा फायदा
आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बड़े कंप्यूटर सिस्टम को चलाने के लिए बहुत ज्यादा बिजली की जरूरत होती है. अगर भविष्य में फ्यूजन ऊर्जा सफल होती है, तो बड़े कंप्यूटर, इंटरनेट सिस्टम और एआई तकनीक को चलाने के लिए ज्यादा ऊर्जा उपलब्ध हो सकेगी. इससे तकनीकी दुनिया और तेजी से आगे बढ़ सकती है.
हालांकि, अभी यह तकनीक पूरी तरह तैयार नहीं हुई है और इसे आम लोगों तक पहुंचने में कई साल लग सकते हैं. लेकिन अगर यह सफल होती है तो यह दुनिया की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने का नया रास्ता खोल सकती है.
ये भी पढ़ें- रूस ने यूक्रेन पर बरपाया कहर, एक साथ कई शहरों पर दागी कई मिसाइलें, भारी तबाही की आशंका