बीजिंग: नेपाल में तेज़ी से बदलते राजनीतिक हालात के बीच अब चीन की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है. प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे और सुरक्षा बलों द्वारा सत्ता संभालने के बाद, चीन ने सभी पक्षों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है.
Gen-Z आंदोलन से भड़का नेपाल, कानून व्यवस्था चरमराई
हाल ही में नेपाल में Gen-Z आंदोलन ने ज़बरदस्त मोड़ ले लिया जब युवाओं के नेतृत्व में हो रहे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन हिंसक झड़पों में तब्दील हो गए. काठमांडू समेत देश के कई हिस्सों में आगजनी और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया. इसके बाद हालात पर काबू पाने के लिए सेना ने मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा संस्थानों पर नियंत्रण कर लिया.
प्रधानमंत्री ओली ने इस्तीफा दिया, चीन ने साधी चुप्पी
तेज़ी से बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. ओली को लंबे समय से चीन समर्थक नेता माना जाता रहा है और उनके कार्यकाल में नेपाल-चीन संबंधों में काफ़ी मज़बूती देखने को मिली. हालांकि चीन ने ओली के इस्तीफे पर फिलहाल कोई सीधी टिप्पणी नहीं की है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने एक प्रेस वार्ता में कहा, “नेपाल और चीन परंपरागत मित्र हैं. हमें उम्मीद है कि नेपाल के सभी वर्ग अपने मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएंगे और जल्द से जल्द सामाजिक स्थिरता बहाल करेंगे.”
चीनी नागरिकों के लिए चेतावनी और आपात योजना सक्रिय
चीन ने नेपाल में रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है. प्रवक्ता लिन जियान ने बताया कि अब तक किसी चीनी नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन सभी से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. साथ ही, नेपाल स्थित चीनी दूतावास में आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है.
SCO सम्मेलन में हुए थे शरीक, अब राजनीति से बाहर
ओली ने हाल ही में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन और द्वितीय विश्व युद्ध पर आधारित सैन्य परेड में भाग लिया था. लेकिन नेपाल में बढ़ते जन आक्रोश और पुलिस कार्रवाई में 19 लोगों की मौत के बाद राजनीतिक दबाव इतना बढ़ गया कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ा. सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंधों को भी हाल ही में हटा लिया गया है.
ये भी पढ़ें: ट्रंप PM मोदी को बता रहे दोस्त, लेकिन उनके सलाहकार पीटर नवारो हुए बेलगाम! अब ट्रेड डील पर उगला जहर