ट्रंप PM मोदी को बता रहे दोस्त, लेकिन उनके सलाहकार पीटर नवारो हुए बेलगाम! अब ट्रेड डील पर उगला जहर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना "सबसे अच्छा दोस्त" बताते हुए जल्द ही ट्रेड डील पर बात होने की उम्मीद जताई, वहीं दूसरी ओर उनके ही वरिष्ठ सलाहकार पीटर नवारो ने भारत पर तीखा हमला बोलते हुए कड़े आरोप लगाए.

Peter Navarro on India-US trade deal after Trump called PM Modi a close friend
Image Source: ANI/ Social Media

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक बार फिर विरोधाभासी संकेत देखने को मिले हैं. जहां एक ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना "सबसे अच्छा दोस्त" बताते हुए जल्द ही ट्रेड डील पर बात होने की उम्मीद जताई, वहीं दूसरी ओर उनके ही वरिष्ठ सलाहकार पीटर नवारो ने भारत पर तीखा हमला बोलते हुए कड़े आरोप लगाए.

जल्द फाइनल होगी ट्रेड डील

ट्रंप ने मंगलवार (9 सितंबर) को Truth Social पर एक पोस्ट करते हुए कहा, “भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर जो अड़चनें हैं, उन्हें दूर करने के लिए बातचीत जारी है. मुझे पूरा भरोसा है कि यह बातचीत सफल रहेगी.” उन्होंने आगे कहा कि वह जल्द ही इस मुद्दे पर अपने "अत्यंत प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी" से बात करेंगे. यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के संबंध टैरिफ और रूस से कच्चे तेल की खरीद जैसे मुद्दों को लेकर तनावपूर्ण हैं.

पीटर नवारो ने उगला जहर

ट्रंप की दोस्ती की बातों के उलट, उनके सलाहकार पीटर नवारो ने एक बार फिर भारत को निशाने पर लिया है. उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, “अमेरिका भारत के साथ अनुचित व्यापार नहीं चाहता, जबकि भारत को अमेरिकी बाज़ारों और स्कूलों तक पहुंच की सख्त ज़रूरत है. वह अमेरिकी नौकरियां छीनना चाहता है.” नवारो ने यह भी आरोप लगाया कि भारत रूस से तेल खरीद कर अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन युद्ध में मॉस्को की मदद कर रहा है.

नवारो ने भारत पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत भारी टैरिफ लगाता है जबकि अमेरिका को व्यापार घाटा उठाना पड़ता है. उन्होंने कहा, “भारत रूस से जो तेल खरीदता है उससे मॉस्को को लाभ होता है और युद्ध को बढ़ावा मिलता है. अमेरिका को भारत के साथ संतुलित व्यापार चाहिए, न कि एकतरफा समझौता.”

50% तक टैरिफ, ट्रेड टेंशन चरम पर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने भारत पर 25% रेसिप्रोकल टैरिफ और रूसी तेल की खरीद को लेकर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाया है. इस तरह भारत पर कुल 50% आयात शुल्क लग चुका है, जो दुनिया में सबसे अधिक माना जा रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों के पिछले दो दशकों के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर की ओर इशारा करती है.

ये भी पढ़ें: रूस ने पोलैंड पर दागे 19 ड्रोन, क्या पुतिन ने फूंक दिया वर्ल्ड वॉर 3 का बिगुल? दुनिया में मची खलबली