अगर आप जल्द ही एयर कनाडा की किसी फ्लाइट में सफर करने वाले हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. अब एयर कनाडा अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सभी उड़ानों में इकोनॉमी क्लास के यात्रियों को भी बीयर और वाइन मुफ्त में परोसेगी. जी हां, अब केवल बिजनेस क्लास के पैसेंजर ही नहीं, बल्कि आम यात्रियों को भी उड़ान के दौरान पेय पदार्थों का आनंद मिलेगा — वो भी बिना किसी अतिरिक्त खर्च के.
एयर कनाडा के इस फैसले के पीछे एक बड़ी रणनीति छिपी है. पिछले कुछ समय से कंपनी को यात्रियों की ओर से काफी शिकायतें मिल रही थीं – खासकर ज्यादा बैगेज फीस, टाइट लेगरूम और सामान्य सुविधाओं की कमी को लेकर. सोशल मीडिया और रिव्यू साइट्स पर एयर कनाडा को काफी आलोचना झेलनी पड़ी, जिससे उसकी ब्रांड इमेज को झटका लगा. कंपनी अब अपनी छवि सुधारने और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है. मुफ्त बीयर और वाइन की यह पेशकश इसी का हिस्सा है.
हर उड़ान पर लागू होगा ऑफर
यह सुविधा सिर्फ लंबी उड़ानों तक सीमित नहीं है. एयर कनाडा ने साफ किया है कि यह पहल सभी तरह की उड़ानों—चाहे वो एक घंटे की घरेलू यात्रा हो या लंबी अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट—पर लागू होगी. यानी इकोनॉमी क्लास में सफर कर रहे हर यात्री को इस सुविधा का लाभ मिलेगा.
एक रणनीतिक कदम
एयर कनाडा के लॉयल्टी और प्रोडक्ट विभाग के वाइस प्रेसिडेंट स्कॉट ओ’लीरी ने कहा कि यात्रियों को बेहतर अनुभव देना कंपनी की प्राथमिकता है. उनके अनुसार, फ्लाइट में खाना और पेय पदार्थ यात्री संतुष्टि को सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं.
विशेषज्ञों का भी मानना है कि यह सिर्फ सुविधा बढ़ाने का प्रयास नहीं है, बल्कि ग्राहकों के भरोसे को फिर से जीतने की एक चतुर रणनीति है. खास बात यह है कि उत्तर अमेरिका में एयर कनाडा अब एकमात्र प्रमुख एयरलाइन बन गई है जो इकोनॉमी क्लास में बिना किसी शुल्क के शराब पेश कर रही है, जबकि बाकी एयरलाइनों में इसके लिए भुगतान करना पड़ता है.
यात्री क्या कह रहे हैं?
कुछ यात्रियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक अच्छा बदलाव है, लेकिन इसके साथ बाकी सुविधाओं में भी सुधार जरूरी है. बेहतर सीटिंग, समय पर फ्लाइट्स और कस्टमर सर्विस में सुधार भी उतना ही जरूरी है जितना कि फ्री ड्रिंक देना.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान-अफगानिस्तान जंग में होगी सऊदी अरब की एंट्री? आ गया डिफेंस डील टेस्ट करने का समय