गोल्डन टेंपल को बम से उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई अंदर-बाहर की सुरक्षा, हाई अलर्ट पर SGPC की टास्क फोर्स

भारत के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) को लेकर सोमवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया जब एक ईमेल के जरिए इसे RDX से उड़ाने की धमकी मिली.

Bomb threat to Golden Temple via email
प्रतीकात्मक तस्वीर/Photo- ANI

अमृतसर: भारत के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) को लेकर सोमवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया जब एक ईमेल के जरिए इसे RDX से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी के तुरंत बाद SGPC की टास्क फोर्स और अमृतसर पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है और मंदिर के अंदर-बाहर सुरक्षा को अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ा दिया गया है.

SGPC अधिकारी बोले- डर फैलाने की कोशिश

SGPC सदस्य कुलवंत सिंह मनन ने पुष्टि की कि धमकी भरा ईमेल सोमवार को प्राप्त हुआ. उन्होंने बताया, "ईमेल में RDX का जिक्र था और इसे किसी विशेष समय के लिए अलर्ट किया गया था. यह साफ लग रहा है कि किसी ने डर और भ्रम फैलाने की साजिश की है."

मनन ने बताया कि टास्क फोर्स को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर नजर रखी जाए. साथ ही, ईमेल की उत्पत्ति की जांच भी शुरू हो गई है. मामले की शिकायत अमृतसर पुलिस कमिश्नर और थाना ई-डिवीजन को सौंपी गई है.

सेना का दावा: पाकिस्तान ने पहले भी किया था हमला

गोल्डन टेंपल को लेकर सुरक्षा चिंताएं कोई नई नहीं हैं. 7 मई 2025 को भारतीय सेना ने दावा किया था कि पाकिस्तान ने भारत पर ऑपरेशन सिंदूर के जवाब में गोल्डन टेंपल को निशाना बनाते हुए मिसाइल लॉन्च किया था. हालांकि, भारतीय वायुसेना की सतर्कता ने समय रहते उस खतरे को टाल दिया.

सेना के मुताबिक, "यह हमला केवल एक धार्मिक स्थल पर नहीं, बल्कि भारत की एकता और विविधता के प्रतीक पर था. हमले को विफल कर पाकिस्तान के इरादों को नाकाम किया गया."

हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने कोई ऐसा हमला नहीं किया.

2023 में भी हो चुके हैं धमाके- हेरिटेज स्ट्रीट पर दहशत

गोल्डन टेंपल के आसपास पहले भी कई बार संदिग्ध धमाके हो चुके हैं:

6 मई 2023: हेरिटेज स्ट्रीट पर रात 11:15 बजे कम तीव्रता वाला IED विस्फोट हुआ. जान-माल का नुकसान नहीं, लेकिन अफरा-तफरी मच गई.

8 मई 2023: सुबह 6:30 बजे एक और विस्फोट, जिससे एक व्यक्ति घायल हुआ और दुकानों को हल्का नुकसान पहुंचा.

10 मई 2023: तीसरा धमाका हुआ, जिसमें एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ. धमाका हल्का था, लेकिन पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी.

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

  • धमकी के मद्देनज़र अमृतसर पुलिस, SGPC और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं.
  • CCTV निगरानी बढ़ा दी गई है.
  • श्रद्धालुओं और पर्यटकों की स्कैनिंग गहनता से की जा रही है.
  • SGPC की स्पेशल टास्क फोर्स हर कोने पर तैनात है.

अधिकारियों ने आम लोगों और श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है.

ये भी पढ़ें- इस साल 28 IED और 35 ग्रेनेड अटैक... अपनी ही आग में झुलस रही पाकिस्तानी सेना, लगातार हो रहे हैं हमले