PM मोदी-प्रियंका गांधी...विपक्ष के साथ चाय पर चर्चा में क्या बातचीत हुई? मजाक और लगे ठहाके

PM Modi Holds Meeting With Opposition MPs: संसद का शीतकालीन सत्र गुरुवार, 19 दिसंबर को औपचारिक रूप से समाप्त हो गया. लोकसभा और राज्यसभा—दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई.

PM Modi Holds Meeting With Opposition MPs after winter session know what they talks
Image Source: Social Media

PM Modi Holds Meeting With Opposition MPs: संसद का शीतकालीन सत्र गुरुवार, 19 दिसंबर को औपचारिक रूप से समाप्त हो गया. लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई. सत्र के खत्म होते ही राजनीति के गरम माहौल के बीच एक अलग तस्वीर देखने को मिली, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी सांसदों के साथ मुलाकात की और चाय पर संवाद किया. यह बैठक सत्र के दौरान हुए हंगामे के बाद सौहार्द्रपूर्ण माहौल बनाने की एक पहल मानी जा रही है.


1 दिसंबर से शुरू हुआ संसद का शीतकालीन सत्र अपने आखिरी दिन भी शांत नहीं रह सका. विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण लोकसभा में कोई विधायी कार्य नहीं हो पाया. हालात को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी. इसके कुछ समय बाद राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने भी उच्च सदन की कार्यवाही स्थगित करने का ऐलान कर दिया.

ओम बिरला की पहल, चाय पर हुई बातचीत

सत्र समाप्त होने के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सत्ता और विपक्ष के नेताओं को एक अनौपचारिक बैठक के लिए आमंत्रित किया. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे. सामने आई तस्वीरों और वीडियो में विभिन्न दलों के नेता एक साथ बैठकर चाय पीते और बातचीत करते नजर आए. बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, चिराग पासवान सहित कई अन्य दलों के सांसद शामिल हुए. राजनीतिक मतभेदों से इतर यह दृश्य संसद परिसर में चर्चा का विषय बना रहा.

बैठक के पीछे की मंशा

सूत्रों के अनुसार, इस चाय बैठक का उद्देश्य सत्र के दौरान हुए टकराव और हंगामे के बाद संवाद का माहौल बनाना था. इसी दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री मोदी से वायनाड से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की. नेताओं के बीच यह संवाद औपचारिक राजनीति से हटकर आपसी संवाद की एक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.

राज्यसभा में भी पारित हुआ विवादित बिल

इससे पहले दिन में मोदी सरकार ने राज्यसभा में भी VB-जी राम जी (विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण) बिल को पारित करा लिया. इस बिल को लेकर सदन में तीखा विरोध देखने को मिला. लंबी बहस के बाद देर रात यह विधेयक पास हुआ. विरोध में विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट किया और कुछ सांसदों ने रातभर धरना भी दिया. यह बिल 17 दिसंबर को लोकसभा से पारित हो चुका था.

पिछली चाय बैठक से अलग रहा नज़ारा

गौरतलब है कि इससे पहले मॉनसून सत्र के बाद भी इसी तरह की चाय बैठक रखी गई थी, लेकिन तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित विपक्ष के कई नेताओं ने इसका बहिष्कार किया था. उस बैठक में विपक्ष की गैरमौजूदगी चर्चा में रही थी. हालांकि इस बार प्रियंका गांधी की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में खास ध्यान खींचा

यह भी पढ़ें: कब और किसे दी जाती है इच्छामृत्यु की इजाजत? गाजियाबाद में जवान बेटे के लिए माता-पिता ने की मांग