BJP Rajya Sabha Candidate List: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. इस सूची में कई ऐसे नाम शामिल हैं जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं, जबकि कुछ चेहरे हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं. उम्मीदवारों के चयन से साफ संकेत मिलता है कि बीजेपी ने केवल राजनीतिक समीकरणों को साधने पर ही ध्यान नहीं दिया, बल्कि संगठन के प्रति निष्ठा और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं को भी प्राथमिकता दी है.
पार्टी ने अरुणाचल प्रदेश से ताई तगाक को उम्मीदवार बनाया है. वहीं गुजरात से राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जीतेंद्र मेघजीभाई कंजारिया को मौका दिया गया है. मध्य प्रदेश से तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा मणिपुर से ए. शारदी देवी, राजस्थान से डॉ. अलका गुर्जर और सतीश पूनिया तथा ओडिशा से देबाशीष सामंतराय को राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है.
राजस्थान में सतीश पूनिया पर दोबारा भरोसा
राजस्थान की राजनीति में सतीश पूनिया एक जाना-पहचाना नाम हैं. छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले पूनिया ने संगठन में लगातार काम करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है. वे राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी निभा चुके हैं.
वर्तमान में उनके पास हरियाणा बीजेपी के प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. जाट समुदाय से आने वाले पूनिया को राजस्थान और हरियाणा दोनों राज्यों में मजबूत सामाजिक पकड़ वाला नेता माना जाता है. पार्टी संगठन में उनकी स्वीकार्यता और चुनावी रणनीति में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा के लिए चुना है. हाल के वर्षों में कई चुनावी अभियानों में उनकी सक्रिय मौजूदगी ने भी पार्टी नेतृत्व का भरोसा मजबूत किया है.
संगठन के रणनीतिकार हैं तरुण चुग
मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाए गए तरुण चुग का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है. पंजाब के अमृतसर से आने वाले चुग कम उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे. बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं.
वर्तमान में वे बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में गिने जाते हैं. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और तेलंगाना जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रभारी के तौर पर उन्होंने काम किया है. चुनावी प्रबंधन, कार्यकर्ताओं को संगठित रखने और बड़े कार्यक्रमों के संचालन में उनकी भूमिका को पार्टी बेहद महत्वपूर्ण मानती है. इस सूची की एक खास बात यह भी है कि तरुण चुग ऐसे एकमात्र नेता हैं जिन्हें उनके गृह राज्य से अलग किसी अन्य राज्य से उम्मीदवार बनाया गया है. यह फैसला पार्टी नेतृत्व के उनके प्रति विश्वास को दर्शाता है.
ओडिशा में बीजेपी का नया दांव
ओडिशा से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए गए देबाशीष सामंतराय हाल के महीनों में राजनीतिक रूप से काफी चर्चा में रहे हैं. वे लंबे समय तक बीजू जनता दल के साथ जुड़े रहे और राज्य की राजनीति में प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे.
मई 2026 में उन्होंने बीजेडी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था. दिलचस्प बात यह रही कि बीजेपी में शामिल होने से ठीक एक दिन पहले उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था. कटक क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है और वे कई बार विधायक भी रह चुके हैं. बीजेपी को उम्मीद है कि उनका अनुभव और जनाधार पार्टी को राज्य में और मजबूती देगा.
ये भी पढ़ें: S-400 Air Defence: भारत को रूस से मिली S-400 की चौथी खेप, कितनी है इस एयर डिफेंस सिस्टम की कीमत?