West Bengal Bypoll: पश्चिम बंगाल में विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. भाजपा ने मंगलवार को नंदीग्राम और रेजीनगर सीट के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया. सबसे ज्यादा चर्चा नंदीग्राम सीट को लेकर है, जहां पार्टी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ को चुनावी मैदान में उतारकर बड़ा राजनीतिक दांव खेला है. वहीं, मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट से शाखारव सरकार भाजपा के प्रत्याशी होंगे.
नंदीग्राम में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
हासीरानी रथ मंगलवार को समर्थकों के साथ जुलूस निकालते हुए अपना नामांकन दाखिल करेंगी. इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भी मौजूद रहने की संभावना है. भाजपा नामांकन के बहाने नंदीग्राम में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है. दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 16 सितंबर निर्धारित है.
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद गरमाया था मामला
चंद्रनाथ रथ की हत्या मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद हुई थी. शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से महज दो दिन पहले चंद्रनाथ रथ को गोली मार दी गई थी. अब उनकी मां हासीरानी रथ को नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद यह सीट और भी ज्यादा चर्चा में आ गई है.
राजनीति में पुराना अनुभव
हासीरानी रथ लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रही हैं. वह 1998 से राजनीतिक गतिविधियों में जुड़ी हैं और दो बार पंचायत सदस्य के साथ-साथ तीन बार पंचायत समिति की सदस्य भी रह चुकी हैं. नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद हो रहा है. हालिया विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी. हालांकि, दो सीटों से विधायक बने रहने की अनुमति नहीं होने के कारण उन्होंने बाद में नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी.
मुकाबले में बढ़ी सियासी गर्मी
नंदीग्राम पहले से ही बंगाल की सबसे चर्चित राजनीतिक सीटों में शामिल रहा है और उपचुनाव में भी मुकाबला दिलचस्प होने वाला है. तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के अलावा वाममोर्चा और कांग्रेस अपने उम्मीदवारों का ऐलान पहले ही कर चुके हैं. ऐसे में भाजपा ने हासीरानी रथ को मैदान में उतारकर चुनावी मुकाबले को और हाईवोल्टेज बना दिया है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि नंदीग्राम की जनता इस बार किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाती है.
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में मदरसों पर बड़ा एक्शन, 232 को बंद करने का आदेश, 100 को कारण बताओ नोटिस