Bihar Police SI Vacancy 2026: बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बनने का सुनहरा मौका, इतने पदों पर निकली वैकेंसी

Bihar Police SI Vacancy 2026: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने गृह विभाग की विशेष शाखा में पुलिस सब इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है.

bihar-police-si-recruitment-2026-150-vacancy-apply
Image Source: Social Media

Bihar Police SI Vacancy 2026: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुलिस विभाग में शामिल होने का शानदार अवसर सामने आया है. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने गृह विभाग की विशेष शाखा में पुलिस सब इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 150 पदों को भरा जाएगा. इच्छुक उम्मीदवार 9 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं. आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 9 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है.

150 पदों पर होगी नियुक्ति

बिहार पुलिस स्पेशल ब्रांच में सब इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती के लिए जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-6 के तहत वेतन दिया जाएगा. इस भर्ती में सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है. पुलिस सेवा में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर मानी जा रही है. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ लें और सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें.

ग्रेजुएशन पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

इस भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता के तौर पर उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक पास होना जरूरी है. कला, विज्ञान, वाणिज्य या किसी अन्य विषय से डिग्री हासिल करने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवार की न्यूनतम आयु सीमा 20 वर्ष तय की गई है. वहीं अधिकतम आयु सीमा अलग-अलग वर्गों के लिए निर्धारित की गई है. सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 37 वर्ष और महिला उम्मीदवारों के लिए 40 वर्ष रखी गई है. पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम 40 वर्ष तक आवेदन का मौका मिलेगा, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष निर्धारित है.

लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट से होगा चयन

बिहार पुलिस स्पेशल ब्रांच सब इंस्पेक्टर भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों की प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा. सबसे पहले प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें ऑब्जेक्टिव प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे. इस परीक्षा में सफल उम्मीदवार मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होंगे. मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों की मेरिट तैयार की जाएगी. इसके बाद चयन प्रक्रिया के अगले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी. साथ ही उम्मीदवारों की लंबाई और सीने की माप भी ली जाएगी.

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए उम्मीदवारों को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in पर जाना होगा. वेबसाइट के होमपेज पर बिहार पुलिस स्पेशल ब्रांच सब इंस्पेक्टर भर्ती 2026 के लिंक पर क्लिक करने के बाद रजिस्ट्रेशन करना होगा. रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मिले यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा. उम्मीदवारों को अपना नाम, पता, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी जानकारियां सही-सही दर्ज करनी होंगी. इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करना होगा. भविष्य की जरूरत के लिए उम्मीदवार आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रख सकते हैं.

ये भी पढ़ें: 10वीं पास के लिए नौकरी का सुनहरा मौका, भारतीय डाक विभाग में ड्राइवर के पदों पर निकली भर्ती