बिहार स्वास्थ्य विभाग में 5006 पदों पर निकली भर्ती, 40 साल वाले भी कर सकते हैं आवेदन, जानें सैलरी

बिहार में विधानसभा चुनावी सरगर्मी तेज़ होने के बीच सरकार ने युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा तोहफ़ा दे दिया है. जीविका में बड़ी बहाली के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने 5000 से अधिक पदों पर भर्ती का ऐलान किया है.

Bihar NHM ANM Recruitment 2025 Notification released for 5000+ vacancies
Image Source: Freepik

पटना: बिहार में विधानसभा चुनावी सरगर्मी तेज़ होने के बीच सरकार ने युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा तोहफ़ा दे दिया है. जीविका में बड़ी बहाली के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने 5000 से अधिक पदों पर भर्ती का ऐलान किया है. यह नियुक्तियां राज्य स्वास्थ्य समिति के तहत होंगी और इसके लिए आधिकारिक विज्ञापन भी जारी कर दिया गया है. आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 28 अगस्त तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकेंगे.

5006 एएनएम पदों पर होगी नियुक्ति

जारी विज्ञापन के अनुसार, इस भर्ती अभियान के तहत कुल 5006 सहायक नर्स दाई (एएनएम) पदों पर संविदा आधारित बहाली होगी. इनमें 4197 पद स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए, 510 पद राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के लिए और 299 पद शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए आरक्षित हैं. ये नियुक्तियां 11 महीने के अनुबंध पर होंगी, जिनके लिए मासिक मानदेय 15,000 रुपये तय किया गया है.

60 साल तक बढ़ सकती है सेवा अवधि

हालांकि ये पद संविदा पर होंगे, लेकिन यदि कार्य प्रदर्शन और सेवा संतोषजनक रही तो अनुबंध को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 60 वर्ष की आयु तक बढ़ाया जा सकेगा. इसका मतलब है कि योग्य अभ्यर्थियों के लिए लंबे समय तक स्थायी रोजगार का अवसर मौजूद है.

योग्यता और उम्र सीमा

इन पदों के लिए आवेदक के पास दो वर्षीय एएनएम ट्रेनिंग कोर्स का डिप्लोमा होना अनिवार्य है. इसके अलावा, उम्मीदवार का रजिस्ट्रेशन बिहार नर्स रजिस्ट्रेशन काउंसिल में होना चाहिए. उम्र सीमा सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष रखी गई है. आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग और राज्य से बाहर के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये, जबकि अन्य आरक्षित श्रेणियों के लिए 125 रुपये है.

चयन प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले 80 अंकों की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) होगी, जिसकी अवधि दो घंटे होगी और इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी. इसके अतिरिक्त, कोरोना काल के दौरान स्वास्थ्य सेवा में योगदान देने वाले उम्मीदवारों को प्रत्येक वर्ष के लिए 5 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे.

ज़रूरी दस्तावेज़

आवेदन करते समय और दस्तावेज़ सत्यापन के दौरान उम्मीदवार को आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि का प्रमाण, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, निबंधन प्रमाणपत्र, और यदि आरक्षण का दावा किया जा रहा है तो जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा.

11 हज़ार नर्सों की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में

बिहार सरकार ने राज्य में नर्सों की भारी कमी को पूरा करने के लिए कुल 16,000 से अधिक नर्सों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की है. इसमें से 11,389 स्टाफ नर्स पदों के लिए बिहार तकनीकी सेवा आयोग की परीक्षा पहले ही हो चुकी है और परिणाम जल्द घोषित होंगे. अब 5006 एएनएम पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 14 अगस्त से सुबह 10 बजे से shs.bihar.gov.in पर शुरू होगी.

सैलरी और पोस्टिंग लोकेशन

चयनित उम्मीदवारों को राज्य के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के तहत नियुक्त किया जाएगा. उन्हें हर महीने 15,000 रुपये का मानदेय मिलेगा, जो संविदा अवधि के दौरान स्थिर रहेगा.

ये भी पढ़ें: Bihar: पटना मेट्रो का इंतज़ार थोड़ा और बढ़ा, जानें अचानक क्यों लिया गया ये फैसला