Patna Metro: अगर आप भी 15 अगस्त को पटना मेट्रो की सवारी के सपने देख रहे थे, तो ये खबर आपके लिए है. बिहार की राजधानी पटना को मेट्रो सिटी बनने में अब थोड़ा और समय लगेगा. 15 अगस्त से शुरू होने वाली पटना मेट्रो सेवा अब 15 से 20 दिन की देरी से, सितंबर 2025 में शुरू होगी. ये जानकारी बिहार सरकार में मंत्री जीवेश मिश्रा ने सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान दी.
मंत्री मिश्रा ने साफ कहा कि सरकार जनता की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं करेगी. रेलवे विभाग के सुरक्षा अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में कुछ अहम मुद्दे सामने आए, जिसके कारण उद्घाटन की तारीख आगे बढ़ाई गई. उन्होंने कहा, "हम सुरक्षा से समझौता नहीं कर सकते. जनता की जान से बढ़कर कुछ नहीं है. इसलिए मेट्रो सेवा अब अगले महीने शुरू होगी और पहला रूट उसी समय से चालू कर दिया जाएगा. पटना अगले महीने मेट्रो सिटी बन जाएगा."
बारिश बनी बड़ी रुकावट
पटना में पिछले कुछ हफ्तों से जारी भारी बारिश ने भी मेट्रो निर्माण कार्य में बाधा डाली है. इसके चलते काम समय पर पूरा नहीं हो सका. अब ट्रायल रन की अंतिम समयसीमा 20 सितंबर 2025 रखी गई है.
राजनीतिक बयानबाज़ी भी जोरों पर
पत्रकारों से बातचीत के दौरान जीवेश मिश्रा ने विपक्ष पर भी निशाना साधा. राहुल गांधी की पदयात्रा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "जब भी राहुल गांधी बिहार आए हैं, हमें फायदा ही हुआ है. पिछली बार भी हमें मज़बूत कर के चले गए थे. अगर फिर आएंगे, तो फिर से मज़बूत कर देंगे."
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर स्पष्टता क्यों नहीं है. "अगर तेजस्वी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं, तो खुलकर सामने आएं. क्या कांग्रेस राजद की बी-टीम बन चुकी है?"
एसआईआर मामले में कोर्ट के फैसले का समर्थन
बिहार के एसआईआर (Special Investigation Report) मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को लेकर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए और विपक्ष को भी इसे खुले दिल से स्वीकार करना चाहिए. उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "राहुल गांधी संविधान की किताब जेब में रखते हैं, लेकिन उसके सिद्धांतों का पालन नहीं करते."
यह भी पढ़ें- 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की ओर भारत का बड़ा कदम, IOA ने दी बोली को मंजूरी