Bihar News: बिहार सरकार ने पेंशन पाने वाले बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांग लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत दी है. सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पात्र लोगों के खातों में 1100 रुपये भेजे जा रहे हैं.
सरकार ने पहले ही पेंशन की राशि बढ़ाने का फैसला लिया था. पहले लाभार्थियों को हर महीने 400 रुपये मिलते थे, जिसे बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया है. इससे लाखों लोगों को सीधा फायदा मिल रहा है.
लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही राशि
इस योजना से जुड़े लोगों के खातों में निर्धारित राशि सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जा रही है. इसके लिए राज्य स्तर पर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें सरकार के कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे. सरकार का कहना है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के जरिए जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद पहुंचाना प्राथमिकता है.
ऐसे चेक करें पैसा आया या नहीं
अगर आप पेंशन योजना के लाभार्थी हैं और जानना चाहते हैं कि आपके खाते में पैसा आया है या नहीं, तो इसकी जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं. इसके लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और Beneficiary Status विकल्प चुनें. इसके बाद वित्तीय वर्ष और लाभार्थी आईडी दर्ज करके जानकारी प्राप्त की जा सकती है. यहां आपको भुगतान की पूरी जानकारी दिखाई देगी.
नई पेंशन के लिए ऐसे करें आवेदन
जो लोग अभी तक किसी सरकारी पेंशन योजना का लाभ नहीं ले रहे हैं, वे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आधिकारिक पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन विकल्प चुनें. इसके बाद जरूरी जानकारी भरें, आधार से सत्यापन करें और मांगे गए दस्तावेज अपलोड कर आवेदन जमा कर दें.
इन योजनाओं का मिलता है लाभ
बिहार में सामाजिक सुरक्षा के तहत कई पेंशन योजनाएं चलाई जा रही हैं. इनमें वृद्धजन, विधवा और दिव्यांग लोगों के लिए अलग-अलग योजनाएं शामिल हैं. मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, बिहार निशक्तता पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं.
लाखों लोगों को मिलेगा फायदा
पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये किए जाने से राज्य के लाखों लाभार्थियों को राहत मिलेगी. सरकार का मानना है कि इससे बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांग लोगों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें- बल्ले से नहीं चला जादू, लेकिन इस मामले में छा गए वैभव सूर्यवंशी, श्रीलंका में दिखा जबरदस्त क्रेज, VIDEO वायरल