पटना: 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के भविष्य को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि राज्य में नौकरी के लिए आयोजित होने वाली प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षाओं में परीक्षा शुल्क को घटाकर मात्र 100 रुपये कर दिया जाएगा. मुख्य परीक्षा में कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा.
उद्योगों को मिलेगा प्रोत्साहन और जमीन
मुख्यमंत्री ने उद्योग क्षेत्र को लेकर भी बड़े कदम उठाने की घोषणा की. नए उद्योग लगाने वालों को पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान और जीएसटी प्रोत्साहन राशि दोगुनी दी जाएगी. इसके अलावा सभी जिलों में उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी और जो उद्योग अधिक रोजगार देंगे, उन्हें मुफ्त में जमीन मिलेगी. जमीन आवंटन से जुड़े विवादों का निपटारा अगले 6 महीने में किया जाएगा.
त्योहारों पर आसान होगी घर वापसी
त्योहारों के दौरान बाहर रह रहे बिहारवासियों को घर लौटने में आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए नीतीश कुमार ने विशेष बस और ट्रेन सेवा का ऐलान किया. दिवाली, छठ और होली पर दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़ जैसे शहरों से बिहार आने के लिए बड़ी संख्या में बसें चलाई जाएंगी और विशेष ट्रेनों के लिए केंद्र सरकार से आग्रह किया जाएगा.
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
राज्य के सात जिलों—किशनगंज, कटिहार, रोहतास, शिवहर, लखीसराय, शेखपुरा और अरवल—में नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें.
पीएम मोदी का जताया आभार
नीतीश कुमार ने बताया कि 2005 में बिहार का बजट 28 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है. अपने भाषण में नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है. सीएम ने कई उपलब्धियां गिनाईं और इन सबके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया.
ये भी पढ़ें: अब सरकारी नौकरी का फॉर्म का दाम सिर्फ 100 रुपये..., सीएम नीतीश कुमार ने युवाओं को दी सौगात