Bharat Taxi Launched: टैक्सी बुक करते समय बार-बार बदलते किराए और पीक ऑवर में मनमानी वसूली से परेशान यात्रियों के लिए नए साल पर सरकार एक बड़ा तोहफा लेकर आई है. 1 जनवरी 2026 से ‘भारत टैक्सी’ नाम का नया मोबाइल एप देशभर में अपनी सेवाएं शुरू करने जा रहा है.
यह पहल सहकारिता मंत्रालय के तहत लाई गई है और इसकी जानकारी खुद गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने संसद में दी है.उनका कहना है कि यह प्लेटफॉर्म न केवल यात्रियों को राहत देगा, बल्कि टैक्सी और बाइक चालकों को निजी कंपनियों की निर्भरता से भी मुक्त करेगा.
क्या है भारत टैक्सी और कौन चला रहा है यह प्लेटफॉर्म?
भारत टैक्सी किसी निजी कॉरपोरेट कंपनी का एप नहीं है. इसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित किया जाएगा. यह देश का पहला ऐसा नेशनल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है, जिसमें ड्राइवर ही इसके असली मालिक होंगे.इस प्रोजेक्ट को भारत की प्रतिष्ठित सहकारी संस्थाओं जैसे AMUL, IFFCO, NABARD, NAFED, NDDB और KRIBHCO के सहयोग से तैयार किया गया है. फिलहाल दिल्ली और गुजरात में इसके साथ 51 हजार से अधिक ड्राइवर पहले ही जुड़ चुके हैं और पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं.
ड्राइवरों को मिलेगा पूरा किराया, कोई कमीशन नहीं
अब तक ओला, उबर और रैपिडो जैसे प्लेटफॉर्म ड्राइवरों की कमाई से 20 से 30 प्रतिशत तक कमीशन काटते रहे हैं. भारत टैक्सी इस सिस्टम को पूरी तरह बदलने जा रही है.यहां ड्राइवरों से 0% कमीशन लिया जाएगा. यानी यात्री द्वारा दिया गया पूरा किराया सीधे ड्राइवर को मिलेगा. इसके साथ ही सहकारी मॉडल के तहत ड्राइवरों को सालाना लाभांश, मुनाफे में हिस्सेदारी और बीमा जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलेंगी, जो निजी एप्स में संभव नहीं है.
यात्रियों को क्या-क्या फायदे मिलेंगे?
भारत टैक्सी यात्रियों के लिए भी कई बड़े बदलाव लेकर आई है.यहां सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी, यानी भीड़ या पीक ऑवर में किराया अचानक नहीं बढ़ेगा. किराया पहले से तय और पूरी तरह पारदर्शी रहेगा.यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर एक मजबूत सेफ्टी सिस्टम तैयार किया गया है, जिसमें ड्राइवर वेरिफिकेशन, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग और इमरजेंसी सपोर्ट शामिल है.बाइक टैक्सी, ऑटो, कैब और बड़ी गाड़ियों के लिए अलग-अलग एप रखने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि भारत टैक्सी एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी विकल्प उपलब्ध कराएगा.इसके अलावा यात्रियों और ड्राइवरों के लिए 24x7 कस्टमर सपोर्ट भी दिया जाएगा.
भारत टैक्सी ऐप कैसे डाउनलोड करें?
भारत टैक्सी का सॉफ्ट लॉन्च पहले ही दिल्ली और गुजरात में हो चुका है. यह ऐप Google Play Store और Apple App Store दोनों पर उपलब्ध है.यात्रियों के लिए ऐप का नाम Bharat Taxi और ड्राइवरों के लिए Bharat Taxi Driver रखा गया है.सरकार का दावा है कि यह पहल न सिर्फ शहरी यात्रियों को राहत देगी, बल्कि ग्रामीण इलाकों में रोजगार बढ़ाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगी.
यह भी पढ़ें: Happy New Year 2026: भारत में नए साल का धूमधाम से हुआ स्वागत, जमकर मनाया जा रहा जश्न, देखें वीडियो