बरेली: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में अब एक और बड़ी अपडेट सामने आई है. इस सनसनीखेज केस में पांचवें आरोपी को पुलिस ने बरेली के जंगलों में मुठभेड़ के दौरान घायल कर दिया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पहले फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी. यही आरोपी, दिशा पाटनी के घर की रेकी कर चुका था.
शाही थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़
यह मुठभेड़ बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई. आरोपी पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जैसे ही टीम ने उसे घेरा, उसने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा. बाद में आरोपी को पुलिस ने कस्टडी में ले लिया.
माफी मांगता दिखा घायल आरोपी
मुठभेड़ के बाद एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी घायल अवस्था में पुलिस से हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी लंगड़ाते हुए बोल रहा है कि वह अब यूपी नहीं आएगा और बाबा की पुलिस से कभी पंगा नहीं लेगा. इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है.
पांचों आरोपियों पर पुलिस का एक्शन
दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने इस केस में कुल पांच आरोपियों के खिलाफ एक्शन लिया है. दो आरोपी पहले ही एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं. दो नाबालिग को आज सुबह गिरफ्तार किया गया. वहीं अब पांचवां आरोपी घायल होकर पकड़ा गया है. बता दें, पिछले हफ्ते दिशा पाटनी के घर पर 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी. इस केस को यूपी पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया और लगातार कार्रवाई जारी रखी है.
जांच में जुटी पुलिस
हालांकि अब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, लेकिन इस हमले के पीछे की मुख्य साजिश क्या थी, और किन वजहों से दिशा पाटनी के घर को निशाना बनाया गया — इन सवालों पर अब भी जांच जारी है. सूत्रों का मानना है कि इसमें कोई बड़ा गिरोह शामिल हो सकता है.
ये भी पढ़ें: UP: राजकीय स्कूलों की बदलेगी सूरत, 21 विद्यालयों की मरम्मत के लिए योगी सरकार ने दी 4.93 करोड़ की मंजूरी