Bank Jobs: बैंक में नौकरी पाने का सुनहरा मौका, यहां स्पेशलिस्ट ऑफिसर के पदों पर वैकेंसी, जानें डिटेल

Bank of Baroda SO Recruitment 2026: बैंक ऑफ बड़ौदा ने विभिन्न विभागों में स्पेशलिस्ट ऑफिसर (SO) के 206 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है.

bank-of-baroda-specialist-officer-recruitment-2026-apply-online
Image Source: Magnific

Bank of Baroda SO Recruitment 2026: देश के सरकारी बैंक में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर सामने आया है. बैंक ऑफ बड़ौदा ने विभिन्न विभागों में स्पेशलिस्ट ऑफिसर (SO) के 206 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. डिजिटल बैंकिंग, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, डेटा मैनेजमेंट, कॉरपोरेट अकाउंट्स, टैक्सेशन और सिक्योरिटी जैसे अहम विभागों में नियमित नियुक्तियां की जाएंगी. इच्छुक उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 26 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.

206 पदों पर होगी नियुक्ति

इस भर्ती अभियान के तहत मैनेजर, सीनियर मैनेजर, चीफ मैनेजर, टेक्निकल ऑफिसर, प्रोडक्ट मैनेजर, डेटा साइंटिस्ट, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर, सिक्योरिटी मैनेजर और टैक्सेशन से जुड़े विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. हर पद के लिए शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और आयु सीमा अलग-अलग तय की गई है. उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है. आयु सीमा की गणना 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी.

आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया कैसी होगी?

सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये के साथ पेमेंट गेटवे शुल्क जमा करना होगा, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये तय किया गया है. शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा. चयन प्रक्रिया में आवेदन की स्क्रीनिंग के बाद आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन परीक्षा आयोजित होगी. इसके बाद साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू कराया जा सकता है. अंतिम चयन से पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षण भी अनिवार्य होगा. ऑनलाइन परीक्षा होने पर इसमें 150 प्रश्न 225 अंकों के होंगे और गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी.

चयन के बाद सर्विस बॉन्ड भी होगा अनिवार्य

बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्पष्ट किया है कि नियमित पदों पर चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित अवधि तक सेवा देने के लिए सर्विस बॉन्ड भरना होगा. जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड के अधिकारियों को कम से कम तीन वर्ष तक बैंक में कार्य करना होगा. यदि कोई उम्मीदवार तय अवधि से पहले नौकरी छोड़ता है, तो उसे बैंक के नियमों के अनुसार निर्धारित जुर्माना देना होगा. मिडिल और सीनियर मैनेजमेंट ग्रेड के अधिकारियों पर भी उनके पद के अनुसार सर्विस बॉन्ड की शर्तें लागू रहेंगी.

आवेदन से पहले नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें

बैंक ऑफ बड़ौदा की यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए बेहतरीन मौका है जो बैंकिंग सेक्टर में विशेषज्ञ पदों पर करियर बनाना चाहते हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा. ऐसे में उम्मीदवार समय रहते आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई सभी शर्तों, योग्यता और जरूरी दस्तावेजों की जांच कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी भी तरह की तकनीकी या दस्तावेज संबंधी परेशानी से बचा जा सके.

ऐसे करें आवेदन

  • इन पदों पर आवेदन के लिए सबसे पहले बैंक ऑफ बड़ौदा की ऑफिशियल वेबसाइट bankofbaroda.bank.in पर जाएं
  • इसके बाद होम पेज पर करियर सेक्शन में करंट ऑपच्यरुनिटीज लिंक पर क्लिक करें
  • अब नोटिफिकेशन को सेलेक्ट कर रजिस्ट्रेशन करें.
  • एजुकेशनल क्वालिफिकेशन और एक्सपीरियंस की जानकारी भरें. 
  • उसके बाद सभी डॉक्यूमेंट अपलोड करें.
  • डॉक्यूमेंट अपलोड होने के बाद लास्ट में फॉर्म सबमिट करके प्रिंट आउट सुरक्षित रख लें.

ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी का शानदार मौका, मेडिकल ऑफिसर के पदों पर निकली बंपर भर्ती, जानें पूरी डिटेल