PM Modi Meet CWG 2026 Winners: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार 9 अगस्त को ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से लौटे भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की. प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर खिलाड़ियों से लंबी बातचीत की और उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी.
इस मुलाकात का एक वीडियो पीएम मोदी ने अपने इंस्टाग्राम खाते पर भी साझा किया. वीडियो में कॉमनवेल्थ गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज साक्षी चौधरी समेत कई भारतीय खिलाड़ी नजर आए. भारत ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 39 पदक जीते. इनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल रहे.
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से क्या कहा?
वीडियो में साक्षी चौधरी ने पीएम मोदी से मुलाकात को लेकर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कॉमनवेल्थ के स्वर्ण पदक विजेताओं से मुलाकात की और उनसे मिलकर खिलाड़ियों को काफी अच्छा लगा.
इसके बाद साक्षी ने प्रधानमंत्री से खिलाड़ियों के लिए कुछ कहने का आग्रह किया. पीएम मोदी ने कहा, "जो खेलेगा, वो खिलेगा." उन्होंने इसके साथ भारत के लिए हमेशा उत्साह बढ़ाने की बात कही और खिलाड़ियों के साथ भारत माता की जय के नारे भी लगाए. पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की.
Always #Cheer4Bharat. pic.twitter.com/eSjh8o1Ris
— Narendra Modi (@narendramodi) August 9, 2026
कॉमनवेल्थ में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा. पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर रहा. भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 39 पदक अपने नाम किए, जिसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं. ऑस्ट्रेलिया 90 पदकों के साथ तालिका में पहले स्थान पर रहा.
मुक्केबाजों ने रचा इतिहास
इस बार भारतीय मुक्केबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. भारत ने मुक्केबाजी में कुल 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक शामिल रहे. ग्लासगो में भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन अब तक के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में माना जा रहा है. खिलाड़ियों की इस सफलता से देशभर में खुशी का माहौल है और प्रधानमंत्री से मुलाकात ने उनकी उपलब्धि को और खास बना दिया.
ये भी पढ़ें- हमास के पूरी तरह खत्म... ट्रंप के गाजा प्लान पर नेतन्याहू का बड़ा ऐलान, अब होगा भीषण युद्ध?