बांग्लादेश में चुनाव का ऐलान होते बढ़ी युनूस की मुसिबत, फूंक दिया गया चुनाव आयोग का दफ्तर

Bangladesh Elections: ढाका में चुनावी सरगर्मी बढ़ते ही बांग्लादेश में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं. शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद पहली बार होने जा रहे आम चुनाव से पहले ही सियासी माहौल हिंसा और अराजकता की चपेट में आ गया है.

Bangladesh Assembly Elections 2025 Election Commission office set fire
Image Source: ANI

Bangladesh Elections: ढाका में चुनावी सरगर्मी बढ़ते ही बांग्लादेश में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं. शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद पहली बार होने जा रहे आम चुनाव से पहले ही सियासी माहौल हिंसा और अराजकता की चपेट में आ गया है. अब स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि चुनाव आयोग के दफ्तर को ही आग के हवाले कर दिया गया. बीते कुछ दिनों में हुई घटनाओं ने यह संकेत दे दिया है कि अंतरिम सरकार के दौर में कानून-व्यवस्था बुरी तरह चरमराई हुई है.

बांग्लादेशी मीडिया एजेंसी यूएनबी की रिपोर्ट के मुताबिक, ताजा मामला लक्ष्मीपुर जिले से सामने आया है, जहां जिला चुनाव कार्यालय में आगजनी की गई. शनिवार तड़के शहर में स्थित चुनाव आयोग के दफ्तर को निशाना बनाया गया. जिला चुनाव अधिकारी मोहम्मद अब्दुर रशीद ने बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे बदमाशों ने ऑफिस की खिड़कियों से पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए.

जल गए कुछ अहम डॉक्यूमेंट्स 

हालांकि, ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया. इस घटना में कुछ अहम दस्तावेज जलने की पुष्टि हुई है. रशीद के मुताबिक, मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर, पुलिस और चुनाव विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (सदर सर्कल) मोहम्मद रेजाउल हक ने कहा कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं.

चुनावी हिंसा ने खोली अंतरिम सरकार की पोल

गौरतलब है कि मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के कार्यकाल में देशभर में अस्थिरता और हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. चुनाव की घोषणा के बाद से ही कई इलाकों में तनाव की स्थिति बनी हुई है. इससे एक दिन पहले ही दिनदहाड़े एक निर्दलीय उम्मीदवार पर गोली चलाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई थी.

ढाका-8 सीट से निर्दलीय उम्मीदवार और इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान बिन हादी को बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मार दी थी. गंभीर रूप से घायल हादी को एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि उन्हें कम से कम 48 घंटे तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा. इस हमले की कवरेज कर रहे एक पत्रकार पर भी बदमाशों ने हमला किया था, जिससे मीडिया की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

सरकार के आश्वासन और इनाम की घोषणा

घटना के बाद मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस खान ने घायल उम्मीदवार के परिवार से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार सरकार ने शरीफ उस्मान हादी की हत्या की कोशिश में शामिल आरोपियों को पकड़ने में मदद करने वालों के लिए 50 लाख टका के इनाम का ऐलान किया है.

चुनाव से पहले बढ़ती अराजकता चिंता का विषय

चुनाव आयोग के दफ्तर पर हमला और उम्मीदवारों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि बांग्लादेश में चुनाव से पहले माहौल बेहद तनावपूर्ण हो चुका है. राजनीतिक अस्थिरता, हिंसा और डर के साये में हो रहे चुनाव देश के लोकतांत्रिक भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं. आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाते हैं, इस पर न सिर्फ बांग्लादेश बल्कि पूरी दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी.

यह भी पढ़ें: शेख हसीना के कट्टर दुश्मन उस्मान हादी पर फायरिंग, कुछ घंटे पहले ही शेयर किया था ग्रेटर बांग्लादेश का नक्शा