बदायूं में तेज रफ्तार का कहर, ई-रिक्शा और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर, 6 महिलाओं की मौत, 3 घायल

Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने कई परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदार खुशी-खुशी समारोह की रस्मों में शामिल होने जा रहे थे, वहां अब मातम का माहौल है.

badaun-road-accident-six-women-killed-three-injured
Image Source: Social Media

Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने कई परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदार खुशी-खुशी समारोह की रस्मों में शामिल होने जा रहे थे, वहां अब मातम का माहौल है. बरेली-मथुरा हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे में छह महिलाओं की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

भात के लिए जा रही थीं महिलाएं

जानकारी के अनुसार हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में हुआ. एक ई-रिक्शा में सवार होकर नौ लोग शादी समारोह की एक पारंपरिक रस्म 'भात मांगने' के लिए जा रहे थे. सफर सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा इतनी भयावह साबित होगी. रास्ते में ई-रिक्शा की ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया. दुर्घटना में कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि छह महिलाओं को बचाया नहीं जा सका. मृतकों की पहचान प्रेमा (32), गंगाश्री उर्फ सरला (32), राजुकुमारी (50), रेवती (80), नारायणी (30) और आरती (30) के रूप में हुई है. इनमें से आरती ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली.

हादसे की वजह क्या रही?

जिलाधिकारी अवनीश राय के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ई-रिक्शा चालक सड़क पर चल रहे एक ट्रैक्टर को बचाने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रैक्टर से उसकी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा में सवार अधिकांश लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हालांकि प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम कारण स्पष्ट हो सकेगा.

प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने भी घटनास्थल का दौरा किया तथा अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टर चालकों को हिरासत में ले लिया है. साथ ही सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

ये भी पढ़ें: सपा में होगी बड़ी टूट... रामगोपाल यादव की कथित चिट्ठी पर राजभर का बड़ा दावा, यूपी की राजनीति गरमाई