इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर जिस तरह रफ्तार पकड़ी है, उसने ट्रेड को भी चौंका दिया है. जहां 'बंटवारा 1947' दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम होती दिख रही है, वहीं 'आवारापन 2' लगातार मजबूत कमाई कर रही है. महज पांच दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली इस रोमांटिक एक्शन थ्रिलर ने अब रिलीज के आठ दिन पूरे कर लिए हैं और आठवें दिन भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बनी हुई है.
आठवें दिन भी सिनेमाघरों में दिखा क्रेज
इमरान हाशमी और दिशा पाटनी स्टारर फिल्म ने पहले दिन ही 22 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग ली थी. इसके बाद शनिवार को फिल्म ने 33.75 करोड़ और रविवार को 26 करोड़ रुपये का कारोबार किया. खास बात यह रही कि वीकेंड के बाद भी फिल्म की कमाई में वैसी गिरावट देखने को नहीं मिली, जैसी अक्सर फिल्मों के साथ होती है. सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के आठवें दिन यानी शुक्रवार को 'आवारापन 2' ने करीब 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. हालांकि, यह शुरुआती आंकड़ा है और फाइनल नंबर में थोड़ा बदलाव हो सकता है.
8 दिन में 119 करोड़ के पार पहुंची कमाई
14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'आवारापन 2' ने अब घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 119 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 141.87 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. जिस तरह से फिल्म ने पहले सप्ताह में प्रदर्शन किया है, उससे साफ है कि दर्शकों के बीच इसकी पकड़ मजबूत बनी हुई है. खासकर इमरान हाशमी की वापसी और फिल्म के एक्शन व रोमांटिक अंदाज को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलता नजर आ रहा है.
विदेशों में भी कमाई का सिलसिला जारी
'आवारापन 2' सिर्फ भारतीय बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशी बाजार में भी फिल्म अच्छी कमाई कर रही है. आठवें दिन ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने करीब 1 करोड़ रुपये जुटाए, जिसके बाद विदेशों में इसका कुल कलेक्शन लगभग 27.30 करोड़ रुपये हो गया है. भारत और विदेशी बाजार की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 169.17 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. ऐसे में फिल्म के निर्माताओं के लिए यह प्रदर्शन काफी उत्साह बढ़ाने वाला है.
अब OTT रिलीज का इंतजार कर रहे फैंस
बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही 'आवारापन 2' को लेकर अब दर्शकों की नजर इसकी ओटीटी रिलीज पर भी टिक गई है. सिनेमाघरों में फिल्म को मिल रही मजबूत प्रतिक्रिया के बीच फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि फिल्म किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर और कब स्ट्रीम होगी. फिलहाल आधिकारिक ओटीटी रिलीज को लेकर जानकारी का इंतजार है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और इजाफा होने की उम्मीद की जा रही है.
ये भी पढ़ें: आर्यन खान की 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' की होगी वापसी? सीजन 2 को लेकर आया बड़ा अपडेट