गेमिंग लैपटॉप सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए आसुस ने भारत में TUF Gaming सीरीज के कई नए और रिफ्रेश्ड मॉडल पेश किए हैं. कंपनी ने TUF Gaming 16 FX610 के अलावा A15, A16 और F16 सीरीज के नए वेरिएंट लॉन्च किए हैं. नए मॉडल्स में दमदार प्रोसेसर, RTX ग्राफिक्स, ज्यादा रैम-स्टोरेज और मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी जैसी खूबियां दी गई हैं. इनकी शुरुआती कीमत 1,15,990 रुपये रखी गई है.
कितनी है कीमत?
नए लैपटॉप्स को आसुस के ऑनलाइन स्टोर के साथ Flipkart, Amazon, एक्सक्लूसिव ऑफलाइन स्टोर और अन्य रिटेल चैनलों से खरीदा जा सकता है. TUF Gaming 16 FX610 की शुरुआती कीमत 1,79,990 रुपये, A15 FA506NCQ की 1,24,990 रुपये, A16 FA608 की 1,99,990 रुपये और F16 FX607 की 1,35,990 रुपये है. वहीं, TUF Gaming A15 FA506NCG सबसे कम 1,15,990 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ आया है.
TUF Gaming 16 में RTX 5060 तक का विकल्प
TUF Gaming 16 FX610 को खासतौर पर हाई-परफॉर्मेंस गेमिंग के लिए तैयार किया गया है. इसमें Intel Core i7-14650HX प्रोसेसर और Nvidia GeForce RTX 5060 GPU तक का विकल्प मिलता है. लैपटॉप में 64GB तक RAM और 2TB तक SSD स्टोरेज दिया गया है. गर्मी को नियंत्रित करने के लिए डुअल-फैन कूलिंग सिस्टम और रियर एग्जॉस्ट मौजूद है. कंपनी के मुताबिक, फैन नॉइज करीब 40 डेसिबल तक रहता है.
मजबूत बॉडी के साथ मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन
TUF Gaming 16 को MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन दिया गया है. इसमें फुल-साइज कीबोर्ड, अलग नंबर पैड और एंटी-स्मज कोटिंग मिलती है. कनेक्टिविटी के लिए USB Type-C पोर्ट के साथ पावर डिलीवरी चार्जिंग, HDMI 2.1, LAN और USB Type-A पोर्ट दिए गए हैं. इसमें 180 डिग्री हिंज भी मिलता है. वहीं, भारत में बने TUF Gaming A15 FA506NCQ में AMD Ryzen 7 170 प्रोसेसर, RTX 3050 GPU, 32GB तक RAM और 2TB SSD का सपोर्ट है.
A16 और F16 में भी बढ़ी ताकत
TUF Gaming A16 FA608 में AMD Ryzen 7 260 प्रोसेसर और RTX 5060 GPU तक का विकल्प दिया गया है. इसमें 64GB RAM और 4TB SSD तक का सपोर्ट मिलता है. डुअल-फैन कूलिंग और हीटसिंक के साथ HDMI 2.1 और कई USB पोर्ट मौजूद हैं. दूसरी ओर, TUF Gaming F16 FX607 की शुरुआती कीमत 1,35,990 रुपये है और इसमें Intel Core 5 210H प्रोसेसर, 64GB RAM, 4TB SSD और डुअल-फैन कूलिंग सिस्टम मिलता है.
A15 के दो रिफ्रेश्ड मॉडल भी हुए पेश
आसुस ने TUF Gaming A15 FA506NCG को भी नए हार्डवेयर के साथ अपडेट किया है. इसमें AMD Ryzen 7 155 प्रोसेसर, Nvidia GeForce RTX 3050 GPU, 32GB तक RAM और 2TB तक SSD स्टोरेज दिया गया है. डुअल-फैन कूलिंग, RJ45 LAN और HDMI 2.1 जैसे पोर्ट इसमें मौजूद हैं. FA506NCQ की तरह इस मॉडल को भी MIL-STD-810H ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन मिला है, जिससे नए TUF Gaming लैपटॉप्स गेमिंग के साथ टिकाऊपन पर भी फोकस करते नजर आते हैं.
ये भी पढ़ें: Realme ने लॉन्च किया 8000mAh बैटरी वाला धांसू फोन, जानें कीमत और फीचर्स