Assembly Election 2026 Dates : 5 राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान, कब कहां होगी वोटिंग?

Assembly Election dates announced in 5 states voting

Assembly Elections: चुनाव आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अनुसार इन पांचों राज्यों की कुल 824 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा. इन चुनावों में लगभग 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे.

इनमें से चार राज्यों में एक चरण में मतदान होगा, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में वोटिंग कराई जाएगी.

कब और कहां होगा मतदान

असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा और परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे.

केरल में कुल 140 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत के लिए 71 सीटें चाहिए. राज्य में फिलहाल वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की सरकार है और पिनराई विजयन 2016 से मुख्यमंत्री हैं.

असम में विधानसभा की 126 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 64 है. यहां हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार है, जो पिछले लगभग दस साल से सत्ता में है.

पुडुचेरी में कुल 30 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत के लिए 16 सीटें चाहिए. यहां AINRC-BJP गठबंधन की सरकार है और एन. रंगास्वामी 2021 से मुख्यमंत्री हैं. यह देश की सबसे छोटी विधानसभा मानी जाती है.

तमिलनाडु में कब होगा चुनाव

तमिलनाडु की 234 सीटों के लिए 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा. यहां बहुमत का आंकड़ा 118 सीटें है. राज्य में फिलहाल एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में DMK सरकार सत्ता में है, जो 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद बनी थी.

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान

पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है. यहां ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है, जो 2011 से सत्ता में है.

  • पहला चरण: 23 अप्रैल – 152 सीटों पर मतदान
  • दूसरा चरण: 29 अप्रैल – 142 सीटों पर मतदान
  • सभी सीटों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे.

17.4 करोड़ मतदाता और 2.19 लाख मतदान केंद्र

मुख्य चुनाव आयुक्त के मुताबिक इन चुनावों में करीब 17.4 करोड़ पात्र मतदाता हिस्सा लेंगे. मतदान के लिए 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां लगभग 25 लाख चुनाव अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे.

उन्होंने बताया कि इन पांचों क्षेत्रों के मतदाताओं की कुल संख्या ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, जर्मनी और कनाडा जैसे देशों की आबादी के बराबर है. प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 750 से 900 मतदाता होंगे.

विदेशों के प्रतिनिधि भी देखेंगे चुनाव

चुनाव आयोग के अनुसार करीब 20 देशों के चुनाव निकायों के प्रतिनिधि भारत आएंगे और चुनाव वाले राज्यों का दौरा कर भारतीय लोकतंत्र की प्रक्रिया को करीब से देखेंगे.

हर दो घंटे में अपडेट होगा मतदान प्रतिशत

चुनाव आयोग ने बताया कि हर मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत अपलोड करेंगे. मतदान समाप्त होते ही अंतिम आंकड़े भी तुरंत अपडेट कर दिए जाएंगे.

नामांकन की महत्वपूर्ण तारीखें

असम, केरल और पुडुचेरी

  • अधिसूचना: 16 मार्च
  • नामांकन की अंतिम तिथि: 23 मार्च
  • जांच: 24 मार्च
  • नाम वापसी की अंतिम तिथि: 26 मार्च

तमिलनाडु

  • अधिसूचना: 30 मार्च
  • नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अप्रैल
  • जांच: 7 अप्रैल
  • नाम वापसी: 9 अप्रैल

पश्चिम बंगाल

  • पहले चरण की अधिसूचना: 30 मार्च
  • दूसरे चरण की अधिसूचना: 2 अप्रैल
  • पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अप्रैल
  • दूसरे चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि: 9 अप्रैल
  • पहले चरण की जांच: 7 अप्रैल
  • दूसरे चरण की जांच: 10 अप्रैल
  • नाम वापसी: पहले चरण के लिए 9 अप्रैल, दूसरे चरण के लिए 13 अप्रैल

कब खत्म होगा मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल

  • पश्चिम बंगाल: 7 मई
  • तमिलनाडु: 10 मई
  • असम: 20 मई
  • केरल: 23 मई
  • पुडुचेरी: 15 जून

राज्यों में मतदाताओं की संख्या

  • पश्चिम बंगाल: 7.04 करोड़
  • तमिलनाडु: 5.67 करोड़
  • केरल: 2.7 करोड़
  • असम: 2.5 करोड़
  • पुडुचेरी: 9.44 लाख