कॉमनवेल्थ गेम्स में अस्मिता डे ने रचा इतिहास, जूडो में भारत को दिलाया पहला गोल्ड मेडल

Asmita Dey CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. उन्होंने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कनाडा की खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया.

Asmita Dey creates history at the Commonwealth Games wins India first gold medal in judo
Image Source: Social Media

Asmita Dey CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. उन्होंने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कनाडा की खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. मुकाबला काफी रोमांचक रहा और अस्मिता ने गोल्डन स्कोर (सडन डेथ) में जीत हासिल की. इस जीत के साथ अस्मिता डे कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जूडो में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं.

फाइनल तक शानदार रहा सफर

अस्मिता डे ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाया. क्वार्टर फाइनल में उन्होंने स्कॉटलैंड की ईवा इविंग को इप्पोन से हराया. इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने स्कॉटलैंड की समर शॉ को 1-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई.

फाइनल मुकाबले में कनाडा की हेइडी क्वैच के खिलाफ कड़ा मुकाबला हुआ. आखिर में गोल्डन स्कोर में जीत दर्ज कर अस्मिता ने भारत के लिए ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीत लिया.

एथलेटिक्स से जूडो तक का सफर

अस्मिता डे त्रिपुरा के बेलोनिया की रहने वाली हैं. खेलों की शुरुआत उन्होंने एथलेटिक्स से की थी और 800 मीटर दौड़ में हिस्सा लेती थीं. बाद में जिला स्तर के ट्रायल के दौरान उनकी रुचि जूडो में बढ़ी और उन्होंने इसी खेल को अपना करियर बना लिया. उन्होंने भोपाल स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के क्षेत्रीय केंद्र में कोच यशपाल सोलंकी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया. वह टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) के डेवलपमेंट ग्रुप का भी हिस्सा हैं.

पहले भी जीत चुकी हैं कई बड़े मेडल

अस्मिता डे इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं. उन्होंने 2025 में मोरक्को में आयोजित कैसाब्लांका अफ्रीकन ओपन में गोल्ड मेडल जीता था. 

2023 में मकाऊ में हुए जूनियर एशिया कप में भी वह चैंपियन बनी थीं. इसी साल एशियन ओपन में उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया था. इसके अलावा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी उन्होंने कई गोल्ड मेडल जीते हैं और जूनियर नेशनल चैंपियन का खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं.

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रदर्शन

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है. अब तक भारतीय दल 4 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है. कुल 18 पदकों के साथ भारत पदक तालिका में नौवें स्थान पर बना हुआ है.

ये भी पढ़ें- LoC पर पाकिस्तानी घुसपैठ नाकाम, सेना ने सीमा पर मार गिराया Made in China ड्रोन