Asian Games 2026: आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया है. सोमवार, 21 सितंबर को ग्रुप-F के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया. खास बात यह रही कि भारतीय खिलाड़ियों ने तीनों मुकाबले सीधे गेम में जीतकर पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया.
सुतीर्था मुखर्जी ने दिलाई भारत को शानदार शुरुआत
मुकाबले का पहला मैच सुतीर्था मुखर्जी और अलीना खान के बीच खेला गया. सुतीर्था ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और लगातार तीन गेम में 11-3, 11-3, 11-4 से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ भारत ने मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली. इसके बाद सिंड्रेला दास ने मोर्चा संभाला. उनका सामना कलसूम खान से हुआ. सिंड्रेला ने भी शानदार लय बरकरार रखते हुए 11-6, 11-7, 11-5 से मुकाबला अपने नाम किया. भारत की बढ़त 2-0 हो गई और टीम जीत से महज एक कदम दूर पहुंच गई.
श्रीजा अकुला ने पूरा किया क्लीन स्वीप
तीसरे मैच में श्रीजा अकुला के सामने फातिमा खान थीं. श्रीजा ने बिना किसी दबाव के बेहतरीन खेल दिखाया और 11-4, 11-4, 11-5 से जीत हासिल कर ली. इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 3-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया और क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली.
इंडोनेशिया और सिंगापुर को भी दे चुकी है मात
भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ की थी. इस मुकाबले में भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की थी. इसके बाद सिंगापुर के खिलाफ टीम को कड़ी चुनौती मिली, जहां भारत एक समय 1-2 से पीछे था. हालांकि श्रीजा अकुला और यशस्विनी घोरपड़े ने लगातार दो मुकाबले जीतकर भारत को 3-2 से रोमांचक जीत दिलाई.
पाकिस्तान के खिलाफ आजमाई गई बेंच स्ट्रेंथ
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी बेंच स्ट्रेंथ को भी मौका दिया. सुतीर्था मुखर्जी और सिंड्रेला दास को टीम में शामिल किया गया, जबकि दीया चिताले और यशस्विनी घोरपड़े इस मुकाबले में नहीं उतरीं. दोनों खिलाड़ियों ने मिले मौके का फायदा उठाते हुए भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. मुकाबले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का भी परिचय दिया. तीनों मैचों के बाद भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया.
ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: शूटिंग में भारत का जलवा, 10m एयर राइफल में पुरुष टीम ने जीता सिल्वर, कुल पदक हुए 3