Asian Games 2026: शूटिंग में भारत का जलवा, 10m एयर राइफल में पुरुष टीम ने जीता सिल्वर, कुल पदक हुए 3

Asian Games 2026: हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्राक्ष पाटिल की तिकड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में 1890.1 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता. एशियन गेम्स 2026 में भारत के तीनों पदक अब तक शूटिंग से आए हैं.

asian-games-2026-india-shooting-men-win-third-silver-medal
Image Source: Internet

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. महिलाओं के बाद अब पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम ने भी रजत पदक अपने नाम कर लिया है. 21 सितंबर को हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्राक्ष पाटिल की तिकड़ी ने कुल 1890.1 अंक हासिल करते हुए भारत की झोली में तीसरा पदक डाला. खास बात यह है कि एशियन गेम्स में भारत के अब तक तीनों पदक शूटिंग से ही आए हैं.

पुरुष टीम ने 10 मीटर एयर राइफल में जीता सिल्वर

भारतीय पुरुष टीम ने 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में दमदार प्रदर्शन किया. रुद्राक्ष पाटिल ने 631.8 अंक, हिमांशु ढिल्लों ने 630.0 अंक और पार्थ माने ने 628.3 अंक हासिल किए. तीनों के स्कोर को मिलाकर भारत का कुल स्कोर 1890.1 रहा, जिससे टीम दूसरे स्थान पर रही और रजत पदक हासिल किया. इस इवेंट में चीन ने 1899.0 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता और नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. वहीं दक्षिण कोरिया ने 1884.2 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया. भारत की टीम ने सिल्वर जीतने के साथ अपने दो निशानेबाजों को व्यक्तिगत फाइनल में भी पहुंचाया.

महिलाओं ने भी शूटिंग में दिलाए दो सिल्वर

भारत के लिए एशियन गेम्स 2026 के शुरुआती पदक भी शूटिंग से ही आए. 20 सितंबर को महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में एलावेनिल वलारिवान, सोनम उत्तम मस्कर और विदार्सा के. विनोद की टीम ने सिल्वर मेडल जीता था. भारतीय टीम ने 1898 अंक हासिल किए थे और चीन के बाद दूसरे स्थान पर रही थी. इसके बाद एलावेनिल वलारिवान ने 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक अपने नाम किया. उन्होंने फाइनल में 252.4 अंक हासिल किए. जापान की ताइची हिनाता ने 253.0 अंक के साथ गोल्ड जीता, जबकि दक्षिण कोरिया की बान ह्यो-जिन ने कांस्य पदक हासिल किया.

टेबल टेनिस में पाकिस्तान को 3-0 से हराया

शूटिंग के अलावा टेबल टेनिस में भी भारतीय महिला टीम ने शानदार शुरुआत की. सोमवार को ग्रुप एफ के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से मात दी. इससे पहले भारतीय महिला टीम इंडोनेशिया और सिंगापुर के खिलाफ भी जीत दर्ज कर चुकी थी. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप एफ में अपनी स्थिति मजबूत की है. एशियन गेम्स में भारत के लिए शूटिंग के अलावा टेबल टेनिस समेत कई खेलों में मुकाबले जारी हैं.

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: बांग्लादेश को 114 रन से रौंदकर फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, अब श्रीलंका से गोल्ड की जंग