Asian Games 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल की ओर एक और कदम बढ़ा दिया है. दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 114 रन से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और इसके बाद गेंदबाजों ने बांग्लादेश की पारी को 81 रन पर समेट दिया.
शेफाली के शतक के बाद गेंदबाजों का कहर
भारत की जीत की नींव शेफाली वर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी ने रखी. उन्होंने महज 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की तूफानी पारी खेली और भारत को 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन तक पहुंचाया. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेशी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मुकाबले में पांच गेंदबाजों को आजमाया और सभी ने कम से कम एक विकेट हासिल किया. दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि श्री चरणी को दो विकेट मिले. क्रांति गौड़ और श्रेयांका पाटिल ने भी एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा.
81 रन पर ढेर हुआ बांग्लादेश
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई. उसकी आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं. बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा 27 रन ओपनर दिलारा अक्तर ने बनाए. भारतीय गेंदबाजों के लगातार हमले का नतीजा यह रहा कि बांग्लादेश की पूरी टीम निर्धारित लक्ष्य से काफी दूर रह गई और 81 रन ही बना सकी. भारत ने मुकाबला 114 रन से अपने नाम कर फाइनल में शानदार अंदाज में एंट्री की.
बांग्लादेश के खिलाफ सबसे बड़ी T20I जीत
114 रन की यह जीत भारतीय महिला टीम के लिए खास रही. यह महिला T20I में बांग्लादेश के खिलाफ भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है. साथ ही, किसी भी टीम के खिलाफ रनों के अंतर से यह भारत की तीसरी सबसे बड़ी महिला T20I जीत बताई जा रही है.
बांग्लादेश पर जीत का सिलसिला जारी
बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय महिला टीम का दबदबा इस मुकाबले में भी कायम रहा. यह महिला T20I में बांग्लादेश पर भारत की लगातार 10वीं जीत है. भारत और बांग्लादेश के बीच जीत का यह सिलसिला सितंबर 2023 से जारी है.
अब श्रीलंका से गोल्ड के लिए भिड़ंत
सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराने के बाद भारतीय टीम अब एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगी. श्रीलंका ने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है. भारत और श्रीलंका के बीच गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: पहले ही दिन भारत का दमदार आगाज, शूटिंग में इलावेनिल-सोनम की तिकड़ी ने जीता सिल्वर