JKAAC Protest: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने वाली जम्मू कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKAAC) ने एक बार फिर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. कमेटी का कहना है कि वह नए सिरे से आंदोलन की तैयारी कर रही है. इसके लिए जिला स्तर पर कमेटियां बनाई जाएंगी और आंदोलन से जुड़े लोगों को फिर से एकजुट किया जाएगा.
JKAAC ने साफ कहा है कि वह पाकिस्तान सरकार के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी. कमेटी के मुताबिक, उसका आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसकी अगली रणनीति की घोषणा की जाएगी.
उमर नजीर कश्मीरी ने क्या कहा?
JKAAC नेता उमर नजीर कश्मीरी ने PoK में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि 27 जुलाई को कमेटी ने लॉन्ग मार्च निकाला था. इसके बाद करीब एक महीने तक शांतिपूर्ण धरना दिया गया.
कश्मीरी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तानी पुलिस और सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की. उन्होंने सैकड़ों लोगों के मारे जाने का दावा भी किया. कश्मीरी ने कहा कि प्रदर्शनकारी निहत्थे थे और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे.
एक महीने तक जारी रखा प्रदर्शन
कश्मीरी के मुताबिक, लॉन्ग मार्च के बाद प्रदर्शनकारी शहीद उमर फारूक चौक पर रुके और अलग-अलग जगहों पर धरना दिया. उनका कहना है कि प्रदर्शनकारियों पर कथित कार्रवाई के बावजूद कमेटी ने अपने आंदोलन का तरीका नहीं बदला.
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने करीब एक महीने तक धैर्य बनाए रखा और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखा. उनके मुताबिक, मुश्किल हालात के बावजूद आंदोलन से जुड़े लोगों ने संयम बनाए रखा.
जल्द होगा अगले आंदोलन का ऐलान
उमर नजीर कश्मीरी ने कहा कि मौजूदा धरना अनिश्चित समय तक नहीं चलाया जा सकता और अब कमेटी जल्द ही अपने अगले कदम की घोषणा करेगी. उन्होंने पाकिस्तानी नेताओं और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर उन्हें लगता है कि धरना खत्म हो गया है तो ऐसा नहीं है. कमेटी अब आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए निर्णायक कदम उठाएगी.
उन्होंने बताया कि जिला अवामी एक्शन कमेटियों, आंदोलन से जुड़े लोगों और कोर कमेटी के साथ चर्चा के बाद अगली रणनीति तय की जाएगी. JKAAC का कहना है कि पाकिस्तान के खिलाफ उसका आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है और आने वाले समय में इसे नए तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा.
ये भी पढ़ें- UPI, खनिज, पर्यटन और शिक्षा... पीएम मोदी के उज्बेकिस्तान दौरे में 11 अहम समझौतों पर लगी मुहर